13जेएनडी07-पुलिस गिरफ्त में चोरी की वारदात करने का आरोपी। संवाद
जींद। रोहतक रोड पर किराना की दुकान से साढ़े चार लाख रुपये चोरी करने और यूनियन बैंक उचाना में भी चोरी की वारदात को अंजाम देने के शातिर चोर को शहर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान जिला झज्जर के मालियावास हाल आबाद वार्ड नंबर सात बुढलाड़ा, पंजाब निवासी आशीष के रूप में हुई है। पुलिस ने सोमवार को इसे अदालत में पेश किया, जहां से इसे दो दिन के रिमांड पर लिया है।
रिमांड के दौरान आरोपी से चोरी की गई राशि और अन्य मामलों के बारे में पूछताछ की जाएगी। फिलहाल आरोपी ने चोरी की चार वारदातों को कबूल किया है। वह पंजाब से जींद में आकर चोरी की वारदात को अंजाम देने लगा था। गौरतलब है कि आरोपी ने दस जनवरी को रोहतक रोड पर एक किराना की दुकान से साढ़े चार लाख रुपये की चोरी को अंजाम दिया था। वहीं, करीब एक महीने पहले यूनियन बैंक उचाना मंडी के स्ट्राॅन्ग रूम को तोड़ने की भी कोशिश की थी। रोहतक रोड स्थित रामनगर निवासी नरेंद्र गर्ग ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि नौ जनवरी की रात को दुकान को बंद करके उसके घर चला गया था। जब सुबह उसका बड़ा भाई मंदिर में जा रहा था तो उसने देखा कि दुकान का शटर उठा हुआ था। सूचना पाकर वह दुकान पर पहुंचा तो देखा कि दुकान के काउंटर से साढ़े चार लाख रुपये, चार-पांच चांदी के सिक्के व 40 डिब्बी सिगरेट चोरी मिली।
जांच के दौरान पुलिस की टीम के जांच अधिकारी उप निरीक्षक नरेंद्र कुमार ने चोरी के मामले को सुलझाते हुए आरोपी को काबू किया है। गहनता से पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि उसने एक महीने पहले यूनियन बैंक उचाना मंडी से दो मोबाइल फोन चोरी किए थे। उसने बैक में घुसकर स्ट्राॅन्ग रूम तोड़ने की कोशिश भी की थी, जिसमें वह सफल नहीं हो सका। इसके अलावा आरोपी ने सात जनवरी को बुढलाडा, पंजाब में एक हार्डवेयर की दुकान का ताला तोड़कर 45 हजार रुपये चोरी किए थे। इसके अलावा एक और मामले में भी आरोपी ने एक लाख 17 हजार रुपये चोरी की वारदात कबूली है।
वर्जन
रोहतक रोड स्थित किराना की दुकान से 4.50 लाख और यूनियन बैंक उचाना में चोरी करने के आरोपी बुढलाड़ा, पंजाब निवासी आशीष को गिरफ्तार किया है। आरोपी नशा करता है और नशे की पूर्ति के लिए चोरी की वारदात को अंजाम देता है। आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। उससे चोरी की गई राशि को बरामद किया जाएगा।
-संजय सिंह, डीएसपी, उचाना