गांव लिजवाना कलां में अपाहिज होने से परेशान होकर गोली मारकर आत्महत्या करने वाले युवक अनंतराम के शव का पोस्टमार्टम तीन बार एक्सरे होने के बाद हो पाया। जिसके चलते मृतक के परिजनों को शव लेने के लिए पूरे दिन अस्पताल में ही इंतजार करना पड़ा।
शरीर में गोली की लोकेशन का पता लगाने के लिए रविवार सुबह ही चिकित्सकों ने मृतक अनंतराम के शव का एक्सरे कराने के लिए कहा। जब स्वास्थ्य कर्मचारियों ने एक्सरे करवाया तो मृतक के शरीर में गोली नहीं दिखाई दी।
इसके बाद फिर से शव को पोस्टमार्टम रूम में भेज दिया। इस तरह गोली का पता लगाने के लिए चिकित्सकों ने शव का तीन बार एक्सरे कराया। उसके बाद पता चला कि अंतराम द्वारा छाती में गोली लगने के बाद सीधे पीठ के पास से निकल गई।
जो एक गोली शरीर में दिखाई दे रही है वह लगभग साढ़े तीन साल पहले जुलाना में कुछ युवकों ने मारी थी और वह गोली उसके शरीर के अंदर ही रह गई। शरीर में मौजूद गोली लगने से ही उसकी रीढ़ की हड्डी में धंस गई थी और जिसके चलते वह अपाहिज हो गया था।
चिकित्सकों ने इस दौरान मामले की गंभीरता को देखते हुए शव को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया, लेकिन बाद में परिजनों ने जल्द से जल्द पोस्टमार्टम करवाने के लिए पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों के पास गुहार लगाई। बाद में उच्च अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मृतक के शव का पोस्टमार्टम हो पाया।
बर्तन की दुकान चलता था मृतक
पुलिस के अनुसार मृतक अनंतराम साढ़े तीन साल पहले जुलाना में बर्तनों की दुकान चलता था। इस दौरान किसी बात को लेकर जुलाना के ही कुछ युवकों से कहासुनी हो गई। इसके बाद एक नाबालिग युवक ने अवैध पिस्तौल से उस पर गोली दाग थी गोली उसके रीढ़ की हड्डी में जा लगी।
जिससे रीढ़ में लगने के चलते उसके दोनों ही पैरों ने काम करना छोड़ दिया और उसके बाद वह केवल व्हील चेयर पर चलता था, लेकिन अपाहिज होने का दर्द उसे लगातार सता रहा था। इसी के चलते शनिवार देर शाम को उसने खुद को अवैध पिस्तौल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
मृतक के खिलाफ मामला दर्ज
मृतक अनंतराम ने जिस असलाह का प्रयोग किया है वह अवैध है। पुलिस ने अवैध पिस्तौल रखने के चलते उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस फिलहाल इस मामले की जांच कर रही है कि अपाहिज अनंतराम के पास अवैध पिस्तौल कहा से आया और उसको किसने असलाह उपलब्ध करवाया है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है।