संवाद न्यूज एजेंसी
जुलाना। जुलाना विधानसभा क्षेत्र के तीन प्रमुख धार्मिक स्थलों के दिन अब संवरने वाले हैं। कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड ने आसन के अश्वनी कुमार तीर्थ, रामराये के रामहृदय तीर्थ और बराहकलां के वराह तीर्थ के जीर्णोद्धार व सुंदरीकरण के लिए कुल 4.85 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी दी है।
विकास कार्य पूरे होने के बाद इन प्राचीन तीर्थस्थलों का स्वरूप निखरने के साथ श्रद्धालुओं के लिए मूलभूत सुविधाओं में भी सुधार होगा। धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को भी संजोने में मदद मिलेगी।
विज्ञापन
आसन के अश्वनी कुमार तीर्थ के लिए 1.99 करोड़, रामराये के रामहृदय तीर्थ के लिए 1.48 करोड़ और बराहकलां के वराह तीर्थ के लिए 1.38 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। तीनों स्थानों का क्षेत्र में विशेष धार्मिक महत्व है। विकास कार्यों के बाद यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिल सकेंगी।
विकास से धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा : योगेश बैरागी
हरियाणा समाज कल्याण बोर्ड के चेयरमैन एवं जुलाना से पूर्व विधानसभा प्रत्याशी कैप्टन योगेश बैरागी ने कहा कि जुलाना विकास रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने क्षेत्र के प्रमुख आस्था केंद्रों के विकास की घोषणा की थी। इस घोषणा को साकार करने के लिए कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के चेयरमैन रविंद्र सांगवान से स्वीकृत राशि जारी करने का आग्रह किया गया था। उन्होंने कहा कि तीर्थस्थलों का विकास केवल सुंदरीकरण तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि इससे उनकी धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित करने में भी मदद मिलेगी। सुविधाओं में सुधार से श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने के साथ क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं को भी बल मिलेगा।