नरवाना। जिला एवं सत्र न्यायाधीश की मेल आईडी पर एक हॉटमेल अकाउंट से कोर्ट परिसर में तीन आरडीएक्स बम रखे होने और कोर्ट को बम से उड़ाने या फिदायीन हमले कराने की धमकी भरे ईमेल के मामले को लेकर कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने सख्त रुख अपनाया है।
रविवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री बेदी ने कहा कि इस तरह के शरारती तत्व देश के अंदर अशांति का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन प्रदेश सरकार पूरी तरह सक्षम है और ऐसी हरकत करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। बेदी ने कहा कि कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों के मंसूबे कामयाब नहीं होंगे।
जी राम जी योजना को लेकर पूछे गए सवाल पर कैबिनेट मंत्री ने विपक्ष, विशेषकर कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल मीडिया के सामने बयानबाजी करती है जबकि जमीनी स्तर पर उसके पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है। मंत्री ने दावा किया कि कुरुक्षेत्र में कांग्रेस के धरने में मात्र 18 से 20 लोग पहुंचे, वहीं हिसार में जयप्रकाश संसद के सामने 60 लोग भी इकट्ठे नहीं हो सके। इससे स्पष्ट है कि आज कांग्रेस मुद्दाविहीन, नेता-विहीन और नीति-विहीन पार्टी बन चुकी है।
फोटो कैप्शन
25जेएनडी27: पत्रकार वार्ता के दौरान जानकारी देते हुए मंत्री कृष्ण बेदी। संवाद