संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। पिपलथा गांव में तीन लोगों ने विदेश भेजने के नाम पर 15 लाख रुपये हड़प लिए। गढ़ी थाना पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
पिपलथा निवासी अमनदीप सिंह ने पुलिस एफआईआर में बताया कि उन्होंने 18 फरवरी को गांव के यादविंद्र और उसके बेटे प्रिंस और विकास से भाई गगनदीप सिंह को कनाडा में स्टडी वीजा पर भेजने की बात की थी। इस दौरान 15 लाख 50 हजार रुपये में बात हुई, जिसमें से 15 लाख रुपये एडवांस दे दिए थे।
आरोप है कि उनके भाई गगनदीप के नाम से साढ़े आठ लाख रुपये की एक रसीद कनाडा कॉलेज के नाम से दी गई जो बाद में पता करने पर वह फीस की रसीद फर्जी पाई गई। पिछले दो महीने से उनकी इन एजेंटों के साथ कोई बातचीत नहीं हो रही है। बताया गया था कि उनके कार्यालय पंजाब के पातड़ां शहर में एआईएम इमिग्रेशन के नाम से है। गढ़ी थाना पुलिस ने यादविंदर और उसके बेटे प्रिंस और विकास के खिलाफ धोखाधड़ी करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।