जींद। यूथ एवं कल्चरल सेल की ओर से राजकीय महाविद्यालय में वीर बाल दिवस के उपलक्ष्य में प्रेरणादायक कार्यक्रम किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य सत्यवान मलिक ने की। ग्रुप डिस्कशन एंड पीयर लर्निंग प्रोसेस विषय पर विभिन्न गतिविधियां करवाई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समूह चर्चा और सहपाठी अधिगम के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने विचार प्रस्तुत किए जिससे उनके आत्मविश्वास और संवाद कौशल में वृद्धि देखने को मिली। प्राचार्य सत्यवान मलिक ने वीर बालकों के अद्भुत साहस और बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में देशभक्ति, नैतिक मूल्यों और नेतृत्व क्षमता के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से साहिबजादों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। शर्मिला ने कहा कि वीर बाल दिवस हमें त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता है। उन्होंने बताया कि समूह चर्चा और पीयर लर्निंग जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सहयोग और सामूहिक सोच को मजबूत करती हैं।
शर्मिला ने कहा कि वीर बाल दिवस की नई परंपरा ने साहिबजादों की प्रेरणाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाया है। इस अवसर पर नीरू व कृष्ण श्योकंद मौजूद रहे। संवाद