फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jind News: जमाबंदी और इंतकाल की जानकारी के लिए पटवारखाने के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे

Wed, 18 Feb 2026 12:16 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, जींद
विज्ञापन
17जेएनडी01-भू नक्शा पोर्टल पर दिखाई दे रहा बरहा कलां गांव। स्रोत कर्मचारी
विज्ञापन
जींद। अब लोगों को किला नंबर, जमाबंदी और इंतकाल की जानकारी लेने के लिए बार-बार पटवारखाने के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। जिले का भू-रिकॉर्ड ऑनलाइन कर दिया गया है। राजस्व विभाग ने 176 गांवों का भूमि संबंधी डाटा पोर्टल पर अपलोड कर दिया है। इससे जमीन से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता आएगी और विवादों में कमी आएगी।
विज्ञापन

जिले में 305 गांव हैं। इनमें से राजस्व विभाग ने पहले फेज में 176 गांवों की जमीन का रिकॉर्ड भू नक्शा पोर्टल पर ऑनलाइन कर दिया है बाकी अन्य गांव के भू रिकाॅर्ड को भी ऑनलाइन करने का कार्य चल रहा है। इसके साथ-साथ एग्रो स्टाक क्रॉप पोर्टल से भी रिकॉर्ड जोड़ दिया है जिससे सारा डाटा दोनों पोर्टलों पर रहेगा।
किसान अब घर बैठे मोबाइल फोन या कंप्यूटर के माध्यम से अपना किला नंबर, आसपास के खेतों की लोकेशन देख सकेंगे। इसके अलावा जमाबंदी, इंतकाल और जमीन के बंटवारे से संबंधित जानकारी भी पोर्टल पर अपडेट होती रहेगी। जैसे ही किसी जमीन का इंतकाल दर्ज होगा या बंटवारा पूरा होगा, उसकी एंट्री ऑनलाइन हो जाएगी साथ ही दिखाई देगी। इससे अब लोगों को किला नंबर, जमाबंदी और इंतकाल की जानकारी लेने के लिए बार-बार पटवारखाने के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
विज्ञापन

इस नई व्यवस्था से पारदर्शिता बढ़ेगी और विवादों में कमी आएगी। पहले कई बार रिकॉर्ड अपडेट होने में देरी के कारण किसानों को परेशानी उठानी पड़ती थी। इंतकाल दर्ज होने के बाद भी रिकॉर्ड में बदलाव दिखने में समय लगता था जिससे बैंक लोन, फसल बीमा या अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में दिक्कत आती थी। अब रिकॉर्ड ऑनलाइन अपडेट होने से ऐसी समस्याओं में कमी आएगी।
बॉक्स
मिसमैच डाटा की समस्या होगी कम
मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर आने वाली मिसमैच की समस्या कम होगी। भूमि रिकॉर्ड और फसल पंजीकरण के डाटा में अंतर होने के कारण किसानों को अपनी फसल का पंजीकरण कराने में परेशानी होती थी। अब जब जमीन का रिकॉर्ड अपडेट और ऑनलाइन रहेगा तो फसल संबंधी जानकारी भी सही तरीके से दर्ज हो सकेगी। किसानों को मंडी में फसल बेचने में कोई परेशानी नहीं आएगी।
बॉक्स
तहसील और पटवारखाना जाने की नहीं पड़ेगी जरूरत
भू नक्शा पोर्टल पर रिकॉर्ड से समय और धन की बचत होगी। पहले छोटे से काम के लिए भी तहसील या पटवारखाने के कई चक्कर लगाने पड़ते थे जिससे दिनभर का समय खराब होता था। अब मोबाइल पर ही जमीन का पूरा विवरण उपलब्ध होने से काम आसान हो जाएगा।
वर्जन
राजस्व विभाग की आईटी टीम भू रिकाॅर्ड को ऑनलाइन करने के लिए काफी समय से जुटी थी। अब किसानों को घर बैठे अपने खेत, प्लाट और मकान की पोर्टल पर ऑनलाइन रिपोर्ट मिलेगी।-राजेश गौतम, जूनियर प्रोग्रामर
वर्जन
जिला में ततीमों (भू रिकाॅर्ड) को तोड़ा गया है। यह कार्य पूरा कर लिया है। अब जिले के 176 गांव का भू रिकाॅर्ड पोर्टल पर ऑनलाइन कर दिया गया है। -राजकुमार, जिला राजस्व अधिकारी
वर्जन
भू रिकाॅर्ड ऑनलाइन का कार्य लगातार चल रहा है। अब तक 176 गांव का डाटा ऑनलाइन कर दिया गया है। अन्य गांव का भी जल्द ही पूरा कर दिया जाएगा। इससे जमीन को भू नक्शा पोर्टल पर किसी भी समय देख सकेंगे।-मोहम्मद इमरान रजा, डीसी

17जेएनडी01-भू नक्शा पोर्टल पर दिखाई दे रहा बरहा कलां गांव। स्रोत कर्मचारी

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें