जींद। हरियाणा सरकार किसानों को बागवानी खेती के लिए प्रोत्साहित कर रही है और अनुदान दिया जा रहा है। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने बताया कि बागवानी खेती में फलों के नए बाग लगाना, सब्जियों की खेती एकीकृत मॉडल के साथ करना, फलों की खेती, मसालों की खेती व खुशबूदार पौधों की खेती करना शामिल हैं।
किसानों को नए बाग लगाने पर 24 हजार 500 रुपये से 1.40 लाख रुपये तक प्रति एकड़, सब्जियों की खेती पर एकीकृत मॉडल के तहत 15 हजार रुपये प्रति एकड़ अनुदान दिया जा रहा है। अनुसूचित वर्ग के लिए 25 हजार 500 रुपये प्रति एकड़, मसालों की खेती पर 15 हजार रुपये से 30 हजार रुपये प्रति एकड़, फूलों की खेती पर आठ हजार रुपये से 40 हजार रुपये प्रति एकड़ व खुशबूदार पौधों की खेती पर आठ हजार रुपये प्रति एकड़ अनुदान दिया जा रहा है।
अनुदान का भुगतान सीधे किसान के खाते में किया जाएगा। अनुदान सहायता सीमा अधिकतम पांच एकड़ तक ही दी जाएगी। योजनाओं का लाभ प्राप्त करने, आवेदन प्रक्रिया व अनुदान क्षेत्र सीमा के लिए किसान मेरी फसल-मेरा ब्यौरा और होर्टनेट पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त, लाभ प्राप्त करने वाले किसान के पास आवेदन व व्यक्तिगत विवरण, परिवार पहचान पत्र, बैंक खाते का पूर्ण विवरण व अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र आवश्यक दस्तावेज होने चाहिए। संवाद