जींद। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने कहा कि संभावित आपातकालीन स्थिति को देखते हुए सभी संबंधित विभाग अपने-अपने विभाग से संबंधित तैयारियां पूर्ण रखें। जिला में स्थिति सामान्य है। कोई भी नागरिक किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं दे और न ही भ्रामक प्रचार को आगे फैलाएं। केवल जिला प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी की पालना करें।
बैठक में डीसी ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीसी ने कहा कि आतिशबाजी और ड्रोन उड़ाने पर पूर्णत: पाबंदी रहेगी। इसकी अवहेलना पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नागरिकों की सुरक्षा के लिए पुलिस निरंतर गश्त को बढ़ाकर रखें। जिला प्रशासन की ओर से कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है अगर किसी नागरिक को किसी भी प्रकार की सूचना व सहायता लेनी है तो वे कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 01681-245206 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि अनावश्यक रूप से खाद्य पदार्थों का भंडारण नहीं करें। अगर कोई दुकानदार खाद्य पदार्थ महंगा बेचता है तो उसकी विशेष निगरानी रखें। फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की गाड़ियों की मरम्मत रखें।
डीसी ने कहा कि कोई भी नागरिक भ्रामक तथ्यों पर ध्यान न दें। इस समय जो भी सामाजिक व धार्मिक संस्थाएं और स्वयंसेवक सेवा भाव से कार्य करना चाहते हैं, वह जिला प्रशासन को अपनी सूची दें ताकि सामाजिक सौहार्द को इसी तरह बनाया रखा जा सके। ऐसे स्वयं सेवकों को प्रशासन की ओर से आपदा प्रबंधन का विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
विवाह और अन्य कार्यक्रमों में ड्रोन पर रोक
डीसी ने जिला वासियों से कहा कि वे विवाह और अन्य कार्यक्रमों में ड्रोन नहीं उड़ाएं। साथ ही आतिशबाजी भी नहीं करें। इन आदेशों की अवहेलना करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। रात के समय सभी जिलावासी अपने-अपने घरों के खिड़की और दरवाजे बंद रखें और लाइट को कम से कम जलाएं। उन्होंने कहा कि जिला के सभी अधिकारी व कर्मचारियों के अवकाश रद्द कर दिए गए हैं।
जिला में स्थापित किया गया है कंट्रोल रूम
किसी प्रकार की सहायता व सूचना के आदान-प्रदान के लिए लघु सचिवालय के कमरा नंबर 215 में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। जिलावासी कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 01681-245206 पर संपर्क कर सकते है। इसके साथ-साथ लिपिक नवीन कुमार के मोबाइल नंबर 9812412018 और नोडल ऑफिसर डीआरओ राजकुमार के मोबाइल नंबर 9034041552 पर भी संपर्क किया जा सकता है।