नरवाना। सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने दिल्ली–पटियाला नेशनल हाईवे पर बैरिकेडिंग तो कर दी है लेकिन कई जगहों पर ये इंतजाम नाकाम साबित हो रहे हैं क्योंकि यहां पर पुलिस कर्मियों की तैनाती नहीं है।
शहर के हरियल चौक पर दोनों तरफ बैरिकेडिंग लगाकर सुबह-शाम गुजरने वाले वाहनों की जांच की जाती है ताकि हाईवे मोड़ पर वाहन धीमी गति से निकलें और दुर्घटनाएं न हो। हालांकि, हरियल चौक से नहर की तरफ बढ़ते ही हालात बदल जाते हैं।
चंडीगढ़–हिसार नेशनल हाईवे के ओवरब्रिज के पास बने बड़े कट पर भी बैरिकेडिंग तो है लेकिन यहां पर कोई पुलिसकर्मी तैनात नहीं है। इस कारण नरवाना की ओर से आने वाले कई वाहन चालक हिसार की तरफ जाने के लिए आगे बने अधिकृत कट से घूमने की बजाय इसी कट पर रॉन्ग साइड से मुड़ जाते हैं।
बाइक चालक राहुल, मुकेश, वीरेंद्र व बलजीत ने का कहना है कि इस लापरवाही के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है क्योंकि वह भी कई बार गलत दिशा में मुड़कर आने वाले वहानों से हादसे का शिकार होने से बच गए। पहले भी यहां कई हादसे हो चुके हैं। हरियाणा रोडवेज की एक बस भी दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी जिसमें काफी यात्रियों को चोटें आई थीं।
आने वाले दिनों में सर्दी और धुंध का मौसम शुरू होने वाला है। ऐसे में दृश्यता कम होने के कारण रॉन्ग साइड से मुड़ने वाले वाहनों की वजह से गंभीर हादसों की आशंका और बढ़ जाएगी। पुलिस प्रशासन को सख्ती अपनाने की आवश्यकता है।
बैरिकेडिंग लगाने भर से समस्या का समाधान नहीं होगा बल्कि संबंधित स्थानों पर पुलिसकर्मियों की नियमित तैनाती, रॉन्ग साइड चलने वालों पर चालान और जागरूकता अभियान जरूरी है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो दुर्घटनाओं का सिलसिला बढ़ सकता है।
प्रशासन से मांग की कि हाईवे पर बने इस कट को सुरक्षित करने के लिए पुख्ता कदम उठाए जाएं, ताकि किसी भी तरह की जान-माल की हानि को रोका जा सके।
वर्जन
कट के पास से रॉन्ग साइड में जा रहे वाहनों की रोकथाम के लिए एरिया की ट्रैफिक पुलिस को बोलकर चालान करवाएं जाएंगे। यदि ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी अच्छे तरीके से नहीं कर रहे तो उनको भी सख्त निर्देश दिए जाएंगे।
–नरेश, एडिशनल इंचार्ज, ट्रैफिक पुलिस जींद
05जेएनडी27-शहर के हरियल चौक पर पुलिस द्वारा की गई बेरिकेडिंग। संवाद