जींद। पेयजल कनेक्शन को परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) से जोड़ने का काम 15 अक्तूबर तक पूरा नहीं होने पर अब विभाग ने इसको 31 अक्टूबर तक करने का निर्णय लिया है। जिले में 179359 उपभोक्ता हैं, जिसमें से 133446 कनेक्शन परिवार पहचान पत्र के साथ जोड़े जा चुके हैं, जबकि अभी भी 35986 उपभोक्ताओं के कनेक्शन परिवार पहचान पत्र से जोड़ने का काम बाकी है।
बता दें कि पेेयजल कनेक्शनों को परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) से जोड़ने का काम पूरे प्रदेश में पिछले लगभग एक वर्ष से चल रहा है। फतेहाबाद, कैथल, कुरुक्षेत्र, पंचकूला और रेवाड़ी जिले में यह कार्य पूरा हो चुका है। सूची में जींद जिला 17वें नंबर पर हैं। जिले में इस समय लगभग 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। निर्धारित समय में काम पूरा करने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग ने जिला रोजगार विभाग से 300 सक्षम युवाओं की मांग की है।
नरवाना ब्लॉक में शत प्रतिशत काम पूरा
जिले के सात ब्लॉक में से अब तक केवल नरवाना ब्लॉक में ही परिवार पहचान पत्र के साथ कनेक्शन जोड़ने का काम पूरा हो चुका है। इसके अलावा अलेवा में 85.13 प्रतिशत, जींद में 82.29 प्रतिशत, जुलाना में 86.41 प्रतिशत, पिल्लूखेड़ा में 80.89 प्रतिशत, सफीदों में 86.16 प्रतिशत, उचाना में 62.54 व उझाना में 55.84 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। अलेवा में 16055, जींद में 34255, जुलाना में 23021, नरवाना में 21074, पिल्लूखेड़ा में 16417, सफ ीदों में 22658, उचाना में 31804 व उझाना में 14075 उपभोक्ता हैं।
पेयजल कनेक्शन को पीपीपी से लिंक करने के काम को 31 अक्तूबर तक पूर्ण किया जाना है। पहले यह काम 15 अक्टूबर तक पूरा किया जाना था, लेकिन काम पूरा नहीं होने के कारण मुख्यालय ने इस काम को पूरा करने के लिए अब 31 अक्तूबर तक का समय दिया है। जींद में 79.94 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है, बाकी काम को निर्धारित समय में कर लिया जाएगा।
-रणधीर मताना, जिला सलाहकार जनस्वास्थ्य विभाग, जींद।