फोटो 10जेएनडी22-पिल्लूखेड़ा क्षेत्र में बिना बारिश के सूखे पड़े धान के खेत। स्रोत किसान
जींद। जिले में सोमवार को मौसम का मिजाज बदला रहा। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और कई क्षेत्रों में बूंदाबांदी हुई, जबकि अलेवा, सफीदों और जुलाना में अच्छी बारिश दर्ज की गई।
बारिश से तापमान में हल्की गिरावट आई लेकिन हवा की गति कम और नमी अधिक रहने के कारण लोगों को दिनभर उमस का सामना करना पड़ा। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वातावरण में आद्रता 79 प्रतिशत रही जबकि हवा की गति छह किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई।
किसान रामकुमार, जोगिंद्र, रामकला, फूलकुमार, जगरूप का कहना है कि जिले में मानसून की बारिश अब तक बिखराव में ही हुई है। आठ अगस्त को छोड़ दें तो पूरे जिले में अच्छी बारिश नहीं हुई।
नरवाना और जुलाना क्षेत्र में अपेक्षाकृत अधिक बारिश हुई है जबकि पिल्लूखेड़ा में बारिश कम हुई है। इन क्षेत्रों में धान की फसल होने के कारण किसानों को अच्छी बारिश की अधिक जरूरत है। हालांकि बूंदाबांदी और हल्की बारिश से फसलों को फायदा पहुंच रहा है लेकिन लगातार बारिश होने से फसलों की बेहतर बढ़वार होगी। मौसम में उमस अधिक रहने से फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
वर्जन
मंगलवार को भी आसमान में बादल छाए रहने तथा कहीं-कहीं बूंदाबांदी और हल्की बारिश होने की संभावना है। उमस भी बनी रह सकती है। उन्होंने किसानों को नरमा फसल की जड़ों में पानी जमा न होने देने की सलाह दी है।
-डॉ. राजेश, मौसम वैज्ञानिक, पांडू-पिंडारा जींद