गांव सिल्लाखेड़ी में सोमवार सुबह दो गुटों के संघर्ष में जमकर लाठी डंडे चले। झगड़े की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान एक गुट ने पुलिस पार्टी पर भी पथराव कर दिया। पथराव होता देख पुलिस कर्मचारी बाइक छोड़कर भाग खड़े हुए।
हमलावरों ने पुलिस की बाइक भी तोड़ डाली। पथराव में दो पुलिस कर्मचारियों को गंभीर, जबकि करीब छह को मामूली चोटें आई। पुलिस ने इस मामले में छह लोगों को नामजद करके अन्य के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने तथा पुलिस कर्मचारियों पर हमला करने का मामला दर्ज किया है।
गांव सिल्लाखेड़ी निवासी सोनू और मोनू दोनों भाइयों में किसी बात को लेकर काफी दिनों से रंजिश चली आ रही है। इसी को लेकर दोनों ही परिवार के परिजनों के बीच में सोमवार सुबह संघर्ष हो गया। इसमें दोनों के बीच जमकर लाठी डंडे चले। झगड़े की सूचना पर सफीदों थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने जब झगड़े के आरोपी सोनू को हिरासत में लेकर चलने लगी तो सोनू के परिजनों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पथराव होता देख पुलिस सोनू को छोड़कर वहां से भाग निकली और मौके पर ही बाइक छोड़ दिया। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस की बाइक को भी तोड़ दिया।
पथराव के दौरान एएसआई प्रवीन तथा सब इंस्पेक्टर सोनू को गंभीर चोटें आई और करीब छह पुलिस कर्मचारियों को मामूली चोटें आई। परिजनों ने एक पुलिस कर्मचारी की वर्दी भी फाड़ दी। पुलिस पर हमला होने की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंच गई और स्थिति को कंट्रोल किया।
घायल पुलिस कर्मचारियों को सामान्य अस्पताल में दाखिल कराया गया। पुलिस ने गांव सिल्लाखेड़ी निवासी सोनू, कमलेश पत्नी सोनू, मूर्ति देवी, नफे सिंह, ज्योति, रीना सहित अन्य के खिलाफ के खिलाफ पुलिस पार्टी पर हमला करने तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया है।
सोनू पर पहले भी अपराधिक मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार गांव सिल्लाखेड़ी निवासी सोनू पर पहले भी अपराधिक मामले दर्ज हैं। सोनू की अपने भाई मोनू के साथ भी रंजिश चली आ रही है। इसी को लेकर सोमवार को दोनों गुट आमने-सामने हो गए इस दौरान दोनों गुटों में जमकर लाठी व डंडे चले। पुलिस ने सोनू को जब हिरासत में लेने का प्रयास किया तो उन पर हमला कर दिया और सोनू मौका पाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
सफीदों थाना प्रभारी भारतेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ पुलिस हमला करने तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी सोनू की मां मूर्ति, बहन ज्योति व रीना को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस फरार आरोपी सोनू को गिरफ्तार करने के लिए छापामारी कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।