जींद। चिराग योजना के तहत मेधावी विद्यार्थी निजी स्कूलों में निशुल्क दाखिला देने के लिए आवेदनों की समय अवधि पूरी हो चुकी है। अब विद्यार्थी स्कूलों में दाखिले ले रहे हैं। जिन विद्यालयों में सीटों से ज्यादा आवेदन प्राप्त होंगे तो इस स्थिति में दाखिले के लिए लॉटरी के माध्यम से पांच अप्रैल तक की अवधि में ड्रॉ निकाले जाएंगे। जिले के 67 निजी स्कूलों ने पांचवीं से 12वीं कक्षा के लिए 2365 सीट दाखिले के लिए सार्वजनिक की थी। मान्यता प्राप्त निजी विद्यालय प्राप्त आवेदनों पर एक अप्रैल से 15 अप्रैल तक दाखिले की प्रक्रिया संपन्न करेंगे और सफल छात्रों की सूची विद्यालय के नोटिस बोर्ड पर दर्शाएंगे।
लॉटरी ड्रॉ के बाद मुख्य सूची में सफल छात्रों की ओर से निर्धारित तिथि दाखिला नहीं लेने पर उनकी रिक्त सीटों पर प्रतीक्षा सूची के छात्रों के दाखिले 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक किए जाएंगे। इस दौरान विद्यालयों की ओर से दाखिल विद्यार्थियों का विवरण विभागीय पोर्टल पर एक अप्रैल से 30 अप्रैल तक दर्ज कराना आवश्यक होगा। दाखिला अवधि में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी संबंधित विद्यालयों में विभागीय नॉमिनी नियुक्त करेंगे। इसके लिए वह विद्यालय के नजदीक के खंड शिक्षा अधिकारी अथवा सरकारी विद्यालय से किसी प्राचार्य, मुख्याध्यापक, पीजीटी या अध्यापक में से किसी एक को नियुक्त कर सकता है। निजी मान्यता प्राप्त विद्यालयों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के जिन छात्रों के अभिभावकों की आय एक लाख 80 हजार रुपये या इससे कम होगी। उन्हीं छात्रों को दाखिले के लिए मात्र माना जाएगा और वह आय परिवार पहचान पत्र की वार्षिक सत्यापित आय से मान्य होगी। जिस मान्यता प्राप्त निजी विद्यालय को अभिभावक या छात्र की ओर से आवेदन पत्र दिया जाएगा। वह विद्यालय अभिभावक या छात्र को रसीद अवश्य देगा। छात्र को पिछले सरकारी विद्यालय से विद्यालय छोड़ने का प्रमाणपत्र लिया जाना अनिवार्य होगा। दाखिले के लिए बच्चे की फैमिली आईडी का होना अनिवार्य है।
चिराग योजना के तहत निजी स्कूलों में विद्यार्थी दाखिला ले रहे हैं। जिन स्कूलों में निर्धारित सीटों से ज्यादा आवेदन आए हैं, वहां ड्रॉ के माध्यम से दाखिले होंगे। इच्छुक विद्यार्थियों को चाहिए कि वह निर्धारित अवधि तक दाखिला लें।
डॉ. सुभाष वर्मा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी जींद।