नरवाना। नरवाना के वार्ड नंबर चार और आठ में करीब 57 लाख रुपये की लागत से नई गलियों के निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। वर्षों से उपेक्षित पड़ी गलियों में अब नई चमक आने वाली है, जिससे क्षेत्रवासियों में खुशी और राहत की लहर दौड़ गई है। वार्ड चार की गली जो पिछले करीब 10 सालों से खस्ता हालत में थी, अब निर्माण की राह पर है।
गली वासियों ने बताया कि लंबे समय से सीवरेज ओवरफ्लो, जलभराव और बदबू जैसी समस्याओं ने उनका जीना मुश्किल कर रखा था। छोटे बच्चे घरों से बाहर नहीं निकल सकते थे और गली दलदल में तब्दील हो चुकी थी। गली वासियों में नरेन, नरेंद्र, शांति देवी, पूजा, श्याम सुंदर, कमलेश, रेखा, भूपेंद्र, नीरज और चंद्रमा ने बताया कि वर्षों तक शिकायत करने के बावजूद समाधान नहीं मिला। जब वे सभी कैबिनेट मंत्री व विधायक कृष्ण कुमार बेदी से मिले, तब जाकर उनकी आवाज सुनी गई और आज उनकी गली वास्तविक रूप से बनना शुरू हो चुकी है।
संकट से मिली राहत
लोगों ने बताया कि सीवरेज ओवरफ्लो के कारण गंदगी और संक्रमण का डर बना रहता था, जिससे बीमारियों की संभावना बनी रहती थी। अब जब गली का निर्माण शुरू हो गया है, तो लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही उन्हें स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिलेगा।
रविवार को मंत्री बेदी ने विधानसभा क्षेत्र नरवाना के वार्ड नंबर चार और आठ में लगभग 57 लाख रुपये की लागत से बनने वाली गलियों का शिलान्यास व उद्घाटन किया। साफ-सुथरी गली और मजबूत सड़क किसी क्षेत्र की तरक्की का प्रतीक होती हैं। विकास की राह पर तेजी से नरवाना बढ़ेगा।
-मुकेश मिर्धा, चेयरपर्सन नगर परिषद नरवाना
20जेएनडी33-गली के निर्माण कार्य का शिलान्यास करते हुए कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी। संवाद