11जेएनडी11: बैठक करते हुए मंच के सदस्य। स्रोत मंच।
नरवाना। गांव बड़नपुर में विकास कार्यों के लिए आवंटित धनराशि का उपयोग न होने और प्रशासन की अनदेखी के विरोध में शहीद भगत सिंह इंकलाब मंच हरियाणा इकाई बड़नपुर 16 जनवरी को धरना शहीद भगत सिंह इंकलाब चबूतरा गांव बड़नपुर में देगा।
रविवार को रविदासिया मंच चमार चौपाल में आयोजित बैठक के दौरान मंच के प्रधान व पूर्व सरपंच डॉ. जोगिन्द्र बड़नपुर ने बताया कि पिछले वर्ष केंद्र व हरियाणा सरकार द्वारा गांव में स्वास्थ्य केंद्र, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की चहारदीवारी व सौर ऊर्जा पैनल, सामुदायिक केंद्र, शिव तालाब सुंदरीकरण, अमृत सरोवर योजना, जलघर नहरी पानी योजना आदि के लिए करोड़ों रुपये की ग्रांट स्वीकृत की गई थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि इन कार्यों को लेकर मंच द्वारा समाधान शिविरों व प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार ज्ञापन दिए गए लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी के विरोध में मंच ने अनिश्चितकालीन धरना देने का निर्णय लिया है। बैठक में सुरेश, डॉ. प्रवीण, राजबीर, पाला राम, दिनेश, अनिल, दयाल, नफा, मंजीत और सतबीर मौजूद रहे।