जींद। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड और सीबीएसई की ओर से 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम घोषित किए जाने के बाद अब जिले के विद्यार्थियों को औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में दाखिले के शेड्यूल का बेसब्री से इंतजार है। इस वर्ष जिले में दोनों बोर्ड से 15 हजार से अधिक विद्यार्थी परीक्षा उत्तीर्ण हुए हैं।तकनीकी शिक्षा की ओर छात्रों का रुझान बढ़ने से मुकाबला काफी रोचक होने वाला है।
जिले में कुल 25 सरकारी और निजी आईटीआई संचालित हैं जिनमें विभिन्न ट्रेड की कुल 5244 सीटें उपलब्ध हैं। सीटों के आवंटन पर नजर डालें तो जिले की नौ राजकीय आईटीआई में 2688 सीटें हैं जबकि 16 निजी संस्थानों में 2556 सीटें निर्धारित हैं।
विशेषकर राजकीय संस्थानों में एक-एक सीट के लिए तीन से चार गुना आवेदन आने की संभावना है। विद्यार्थियों के बीच जींद के कैथल रोड स्थित राजकीय आईटीआई सबसे लोकप्रिय विकल्प बनकर उभरती है। पिछले वर्षों के रिकॉर्ड बताते हैं कि यहां कई लोकप्रिय ट्रेडों में दाखिले के लिए मेरिट लिस्ट 100 प्रतिशत के करीब तक पहुंच जाती है।
जिले के मुख्य संस्थानों में सीटों का विवरण
राजकीय आईटीआई जींद : 872 सीटें
राजकीय आईटीआई नरवाना : 820 सीटें
राजकीय महिला आईटीआई जींद: 272 सीटें
पहल प्राइवेट आईटीआई : 272 सीटें
सीआर किसान प्राइवेट आईटीआई : 276 सीटें
ज्ञान सागर प्राइवेट आईटीआई : 292 सीटें
जुलाना, उचाना खुर्द, मुआना और खेड़ाखेमावती जैसे क्षेत्रों में स्थित संस्थानों में भी सैकड़ों विद्यार्थी कौशल विकास के लिए आवेदन करेंगे।
वर्जन
दाखिला शेड्यूल जून में आने की संभावना है। कैथल रोड स्थित आईटीआई में छात्रों की भारी रुचि को देखते हुए उन्होंने कहा कि शेड्यूल जारी होते ही विद्यार्थियों को तुरंत सूचित कर दिया जाएगा।
-नरेश कुमार पांचाल,प्राचार्य जींद।