जींद। डिफेंस कालोनी स्थित मार्केट से खरीददारी करके लौट रही स्कूटी सवार महिला का बाइक सवार पर्स छीनकर ले गया। शिकायत मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
हिसार के खांडा खेड़ी हाल आबाद डिफेंस कॉलोनी की महिला आरती देवी ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि चार अप्रैल की शाम को वह कॉलोनी की ही सोनिया के साथ स्कूटी पर सवार होकर बाजार से वापस आ रही थी। जब वे डिफेंस कॉलोनी की मार्केट में मंदिर के पास पहुंचे तो एक बाइक सवार ने पीछे से उसका पर्स छीन लिया और फरार हो गया। आरती ने बताया कि पर्स में दो मोबाइल, सात हजार रुपये की नगदी, ड्राइविंग लाइसेंस, दो एटीएम कार्ड, पेन कार्ड और आधार कार्ड था। सिविल लाइन थाना प्रभारी राजेश ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।