जींद। करनाल जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहा कैदी पैरोल के बाद वापस नहीं लौटा। इस मामले को लेकर जेल अधीक्षक ने सदर थाना पुलिस जींद को कैदी ढूंढने बारे शिकायत दी है। आरोपी 2016 में हत्या के मामले में सजायाफ्ता है।
करनाल जेल के अधीक्षक ने सदर थाना जींद पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रामराय खेड़ा गांव निवासी दीपक उर्फ बच्ची 2016 में रामराय गांव में हत्या के मामले में दोषी है। इस केस में दीपक उर्फ बच्ची को तत्कालीन एएसजे अमरजीत सिंह की अदालत ने 25 जनवरी 2023 को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।
इस दौरान वह करनाल जेल में आर्म्स एक्ट के मामले में बंद था। एक साल तक उसका जेल में व्यवहार ठीक-ठाक रहा। इस कारण उसे जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर 19 नवंबर 2024 को दस सप्ताह की नियमित पैरोल मिली थी।
एक फरवरी 2025 को कैदी दीपक उर्फ बच्ची को दोबारा से जेल में पेश होना था, लेकिन वह जेल में नहीं आया। जेल अधीक्षक की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर कैद की तलाश शुरू कर दी है। संवाद