दालमवाला गांव में एक व्यक्ति को उधार दिए गए पैसे लेने के लिए जब एक आढ़ती उस व्यक्ति के घर गया तो आरोपी ने उसे बंदी बना लिया और रात को उसके साथ मारपीट की। किसी तरह से आढ़ती व्यक्ति के चंगुल से छुड़ाकर भागने में सफल रहा। पुलिस ने आढ़ती की शिकायत पर दालमवाला गांव निवासी बादल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
अर्बन एस्टेट निवासी 60 वर्षीय जुगतीराम ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी नई अनाज मंडी में आढ़त की दुकान है। 2017 से दालमवाला गांव निवासी बादल उसके पास अपनी फसल बेचता आ रहा था। दो वर्ष तक लेन-देन ठीक रहा। 2019 में बादल ने उससे दो लाख 36 हजार 730 रुपये नकद लिए। इसके बदले उसने अपनी जमीन में होने वाली फसल आढ़ती के पास डालनी थी। बादल ने अपनी जमीन किसी अन्य व्यक्ति को ठेके पर दे दी और उसके पैसे भी नहीं लौटाए। आरोप है कि 11 जून सुबह करीब आठ बजे जुगतीराम दालमवाला गांव में बादल से पैसे लेने उसके घर गया। बादल उसे जबरदस्ती घर के अंदर खींच लिया और एक कमरे में उसे बंधक बनाकर रखा। रात को बादल ने जुगतीराम के साथ मारपीट भी की। सुबह किसी तरह से जुगतीराम बादल के चंगुल से छुड़ाकर भाग निकला। सदर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने बादल को नामजद कर उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।