इंप्लाइज कॉलोनी निवासी 76 वर्षीय बुजुर्ग को अज्ञात व्यक्ति नशीला पदार्थ पिलाकर एक लाख रुपये और सोने की अंगूठी ठग ली। पुलिस ने बुजुर्ग के बेटे की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में वार्ड नंबर 17 की इंप्लाइज कॉलोनी निवासी राजेश कुमार ने कहा कि उसके पिता 76 वर्षीय धर्म सिंह एक जून को 11 बजे पंजाब नेशनल बैंक से पैसे निकालने के लिए गए थे। जब वह बैंक से एक लाख रुपये निकालने के बाद लौट रहे थे तो एक व्यक्ति ने उनका पीछा शुरू कर दिया। उक्त व्यक्ति ने उसके पिता से कहा कि वह उनका दूर का रिश्तेदार है। इसके बाद वह उनके पिता के साथ-साथ चल दिया। अग्रवाल अस्पताल के सामने अज्ञात व्यक्ति ने उसके पिता को जूस पिलाया। जिसे पीते ही उसके पिता बेहोश हो गए। वह व्यक्ति उसके पिता के एक लाख रुपये और सोने की अंगूठी निकालकर फरार हो गया। उनके किसी जानकार का फोन आया कि उसके पिता राजीव कॉलोनी में बेहोश पड़े हैं। इसके बाद वह मौके पर पहुंचा और पिता को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया। होश में आने के उसके पिता ने सारी बात बताई। पुलिस ने राजेश कुमार की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।