भिवानी रोड पर बाल धर्मार्थ अस्पताल के सामने पानी भरने से परेशान आसपास के लोगों ने शुक्रवार को सड़क जाम कर दी। 11 बजे लगाया गया जाम दोपहर साढ़े 12 बजे तक लगा रहा। इस दौरान लोगों को भारी परेशानी हुई। लोगों ने कहा कि पिछले कई सालों से यहां पानी भरने की समस्या है, लेकिन अधिकारी हर बार लीपापोती कर टाल जाते हैं। सूचना मिलने पर शहर थाना प्रभारी डॉ. सुनील कुमार मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। कॉलोनी के लोगों ने उनकी एक न सुनी। इसके बाद जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को बुलवाकर शीघ्र ही गली में सीवर की नई पाइपलाइन डालने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया गया।
कॉलोनी के लोगों ने कहा कि रोजाना सुबह-शाम को सीवर लाइन ओवरफ्लो होने के कारण गलियों में पानी भर जाता है। इससे उनको परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसमें बच्चों के गिरने से लेकर बीमारियां फैलने का डर रहता है। प्रतिदिन सीवर लाइन से बदबू फैलती है। लोगों ने कहा कि वह पहले भी कई बार अधिकारियों व विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा से इस समस्या का समाधान करवाने के लिए मिल चुके हैं, लेकिन हर बार विभागीय कार्रवाई का आश्वासन देकर उनको गुमराह किया जाता रहा है। इसके बाद जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन विनोद कुमार मौके पर पहुंचे और कॉलोनी वासियों को समस्या दूर करने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। लगभग डेढ़ घंटे तक लगे जाम की वजह से हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
भिवानी रोड पर रहता है सबसे अधिक यातायात
फिलहाल हांसी रोड पर आरओबी का काम चल रहा है। ऐसे में काफी वाहन भिवानी बाईपास नाका से बीड़ के रास्ते हांसी रोड पर जाते हैं। इसके अलावा रोहतक बाईपास से भिवानी रोड को जोड़ने वाले मार्ग पर भी आरओबी बनाया जा रहा है। यह रास्ता भी बंद है। भारी वाहन ट्रक व बस भी अब भिवानी रोड पर शहर के अंदर से इसी मार्ग से जाते हैं। हालांकि जाम के बाद पुलिस ने वाहनों का रूट बदल कर पटियाला चौक, हांसी रोड व भिवानी रोड कर दिया, लेकिन इससे खास लाभ नहीं हुआ। भिवानी रोड पर जाम के बावजूद वाहन फंसते चले गए और यहां दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जाम खुलने के करीब आधे घंटे के बाद भिवानी रोड पर यातायात सामान्य हुआ।
चार दिन पहले एसडीएम ने किया था दौरा
भिवानी रोड का चार दिन पहले एसडीएम दलबीर सिंह न दौरा किया था। उन्होंने जनस्वास्थ्य विभाग व नगर परिषद को पानी की निकासी की व्यवस्था करने के लिए कहा था। इस पर कोई कार्रवाई नहीं होने पर लोगों ने शुक्रवार सुबह जाम लगा दिया। हालांकि अब फिर से जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया है।
नई सीवर लाइन डानले का है प्रस्ताव
दरअसल भिवानी रोड से गंदे पानी की निकासी रेलवे लाइन के नीचे से दूसरी तरफ होती है। अब आबादी बढ़ने व सुबह-शाम के समय पानी अधिक आने पर यहां सही प्रकार से निकास नहीं हो पाती है और यह पानी सड़क पर गलियों में फैल जाता है। इसके लिए जनस्वास्थ्य विभाग ने रेलवे लाइन से देवीलाल चौक तक अलग से सीवर लाइन डालने की योजना बनाई है। फिलहाल अस्थायी तौर पर पानी की निकासी का प्रबंध किया जाएगा।
भिवानी रोड से जुड़ी एक गली में भरा गंदा पानी। संवाद- फोटो : Jind
जाम को खुलवाने के लिए कॉलोनीवासियों को समझाते शहर थाना प्रभारी डॉ. सुनील कुमार। संवाद- फोटो : Jind