29जेएनडी43: नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाने आए परिजन। संवाद
रामराये गेट स्थित वाल्मीकि मोहल्ले में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक के परिजनों का आरोप है कि युवक की मौत नशे की ओवरडोज के चलते हुई है। शहर थाना पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर तीन युवकों के खिलाफ नशा देकर हत्या करने का मामला दर्ज किया है।
रामराये गेट स्थित वाल्मीकि मोहल्ले में सुबह एक युवक का शव पुलिस ने बरामद किया था। शव से कुछ ही दूरी पर एक बाइक खड़ी मिली। मृतक की पहचान गांव हैबतपुर निवासी अरविंद (23) के रूप में हुई। पिता विरेंद्र ने पुलिस को बताया कि वीरवार शाम उसका बेटा अरविंद नशा करने के लिए बाइक पर वाल्मीकि मोहल्ला निवासी मोनू, रविंद्र और संदीप के पास गया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर वह तलाशता हुआ रामराये गेट पर गया, लेकिन अरविंद का सुराग नहीं लगा। शुक्रवार को उन्हें बाइक के लावारिस हालत में मिलने तथा शव के पोस्टमार्टम हाउस में रखने की सूचना मिली थी। विरेंद्र ने आरोप लगाया कि तीनों आरोपियों ने उसके बेटे को ज्यादा नशा दिया। इसके चलते उसके बेटे की मौत हो गई। शहर थाना के जांच अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि पुलिस ने विरेंद्र की शिकायत पर मोनू, रविंद्र और संदीप के खिलाफ नशा देकर हत्या करने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अरविंद्र अपने पिता का इकलौता बेटा था। अरविंद की शादी एक वर्ष पहले हुई थी। अब नशे ने घर के चिराग को बुझा दिया है। पिछले एक वर्ष से अरविंद को नशे की लत लगी थी। इसके बाद वह नशे का आदी हो गया। अब नशे ने परिवार को तबाह कर दिया।
वाल्मीकि मोहल्ला बना शहर का नशे का अड्डा
शहर के वाल्मीकि मोहल्ला में सरेआम नशा बिकता है। पुलिस प्रशासन की भी ठोस कार्रवाई नहीं होने से यहां नशे के सौदागरों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस ने इस काॅलोनी से पहले भी कई नशे के सौदागरों को काबू किया है, लेकिन यहां पर नशे को पूर्ण तौर पर बंद करवाने के लिए पुलिस बड़ी कार्रवाई नहीं कर पा रही।
29जेएनडी43: नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाने आए परिजन। संवाद