नरवाना। शहर के पटेल नगर में मां बनभौरी सेवा मंडल की ओर से 18 नवंबर को नौवां विशाल जागरण एवं भव्य भंडारा आयोजित किया जाएगा। मंडल की ओर से आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। कार्यक्रम में बाबा गैबी साहब के महंत अजय गिरी महाराज और पीपल नाथ डेरे के महंत जागनाथ महाराज ज्योत प्रज्वलित करेंगे।
वहीं, बनभौरी धाम स्थित मां भ्रामरी देवी मंदिर के पुजारी पुलकित कौशिक श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देंगे। मंडल प्रधान दिनेश शर्मा और उपप्रधान मिंकी चोपड़ा ने बताया कि कार्यक्रम पटेल नगर की गली नंबर दो में सिंगला धर्मशाला के नजदीक आयोजित होगा। भंडारे का शुभारंभ कन्या पूजन के साथ किया जाएगा। जागरण में संजय कालड़ा मुख्य अतिथि और शुभी चोपड़ा व नकुल गर्ग विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि जागरण में डॉ. कुलदीप कौशिक एंड पार्टी, रामधन गोस्वामी और पूजा सांवरिया मां का गुणगान करेंगे। इसके साथ ही मां का भव्य दरबार सजाया जाएगा और विक्की महादेव कलानौर आर्ट ग्रुप की ओर से आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी।
आयोजन का निमंत्रण देने के लिए मंडल के सदस्य बनभौरी धाम पहुंचे और मंदिर के पुजारी पुलकित कौशिक को निमंत्रण पत्र भेंट किया। इस दौरान केसी चोपड़ा, गोरी बठला, लवली सपड़ा, विजय गर्ग, सुभाष बठला, कमल गर्ग, चरणजीत अरोड़ा, कृष्ण मित्तल, मनु बठला, नीरज शर्मा, नरेश शर्मा, राजीव वर्मा, नीटू, विक्रम काला, अशोक शर्मा, यशपाल गुप्ता और राजेश वर्मा मौजूद रहे।