जींद। शहर के विकास के लिए नगर परिषद ने लगभग साढ़े चार करोड़ रुपये की राशि के टेंडर लगाए हैं। इसमें शहर में गलियों का निर्माण, सुंदरीकरण, ग्रीन बेल्ट और पक्षियों के लिए बर्ड टॉवर लगवाया जाएगा। इसके अतिरिक्त नगर परिषद चेयरपर्सन डॉ. अनुराधा सैनी ने अपने एक माह का वेतन पंजाब में बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में दिया है।
नप के सभी कर्मियों ने इसमें अपना सहयोग देते हुए वेतन दान किया। नगर परिषद चेयरपर्सन डॉ. अनुराधा सैनी ने नप कार्यालय में पत्रकार वार्ता कर यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पंजाब में बाढ़ के चलते प्राकृतिक आपदा आई है। हरियाणा के साथ-साथ पंजाब और पहाड़ी राज्यों की स्थिति अत्यंत गंभीर है। वहां पर पशुओं के चारे ओर जरूरी सामान की भी कमी है और वही पहाड़ी क्षेत्र में भूस्खलन से कई रास्ते महीनों से बंद है।
मुख्यमंत्री ने भी राहत कोष से पंजाब व जम्मू कश्मीर को पांच-पांच करोड़ की सहायता राशि प्रदान की है। उन्होंने खुद व नप के सभी कर्मियों की तरफ से 322101 रुपये की सहायता राशि दी।
इस दौरान उन्होंने बताया कि नगर परिषद शहर में विकास के लिए बर्ड टॉवर बनाएगी, ताकि पक्षियों को बेहतर रैन बसेरा उपलब्ध कराया जा सके। उनको ठिकाने के साथ दाना पानी मिल सके। उन्होंने लोगों से आसपास इलाके को स्वच्छ रखने की अपील भी की ताकि बीमारियों को फैलने से रोका जा सके।
मलेरिया के अनुरूप मौसम को देखते हुए नप की ओर से फोगिंग भी करवाई जा रही है। पकड़े जाने पर ऐसे लोगों के खिलाफ के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही।
शहर की टूटी सड़कों की जल्द रिपेयरिंग करवाने और पूरी तरह से कंडम सड़कों को दोबारा बनवाने की बात कही। इस अवसर पर मिंकू शर्मा उपप्रधान प्रतिनिधि, गोबिंद सैनी, अशोक सैनी, पार्षद सतीश हरियाणवी, संजय मौजूद रहे।
राशि यहां होंगी खर्च : इसमें वार्ड नंबर 21 जवाहर नगर में 37.83 लाख रुपये से गली का निर्माण, विजय नगर में 34.22 लाख रुपये की राशि से ग्रीन बेल्ट का सुधार, वार्ड 24 में साढ़े छह लाख रुपये से गली निर्माण, 15 लाख रुपये से वार्ड 22 में गली व पुलिया की रिपेयर, वार्ड 25 में भी 15 लाख रुपये से गली व पुलिया की मरम्मत, 25 लाख रुपये से वार्ड नौ में गली का निर्माण, पांच लाख रुपये से वार्ड एक की नेता जी कालोनी में गली का निर्माण, 15 लाख रुपये से शहीद कैप्टन पवन कुमार स्मारक का निर्माण, 32.80 लाख रुपये से वार्ड 25 लक्ष्मीनगर व बिशंबर नगर में गली निर्माण, वार्ड छह में 61.86 से गली निर्माण, वार्ड सात में 29 लाख रुपये से गली निर्माण, वार्ड सात में 68.58 लाख रुपये से राजकीय आईटीआई के साथ जवाहर नगर में गली निर्माण, वार्ड सात राजनगर में 33.55 लाख रुपये से गली निर्माण, वार्ड 27 में 6.59 लाख रुपये से गली निर्माण, वार्ड 27 में 11.80 लाख रुपये से गली निर्माण, वार्ड 27 में ही 15 लाख रुपये से गली व पुलिया की रिपेयरिंग का काम करवाया जाएगा।