संवाद न्यूज एजेंसी
नरवाना। नगर परिषद की हाउस बैठक बुधवार को लघु सचिवालय परिसर स्थित सभागार में होगी। इसकी अध्यक्षता नगर परिषद चेयरपर्सन मुकेश रानी मिर्धा करेंगी। सभी वार्ड पार्षदों को एक सप्ताह पूर्व ही सूचना पत्र जारी किया जा चुका है।
बैठक में शहर के विकास और प्रशासन से जुड़े दस महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। बैठक में जैव विविधता कमेटी के गठन, एमआरएफ सेंटर अहेलिया रोड पर चहारदीवारी निर्माण, नगर परिषद क्षेत्र में 14 लेफ्ट आउट पैचिज की स्वीकृति, लाल डोरा सर्टिफिकेट की सूची के प्रकाशन जैसे अहम प्रस्ताव शामिल हैं।
इसके अलावा सभी वार्डों में आरसीसी बैंच लगाने, क्षेत्र में बंदरों की समस्या से निपटने के लिए टेंडर लगाने व उच्चतम न्यायालय व उच्च न्यायालय में चल रहे मामलों की पैरवी के लिए वकीलों के बिलों की अदायगी पर भी विचार किया जाएगा।
पार्षद की ओर से नगर परिषद कार्यालय में पत्र दिया गया है जिसे नगर परिषद सचिव ने प्रधान के समक्ष अनुमति के लिए प्रस्तुत किया है। बैठक में प्रधान की सहमति से अन्य जनहित मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी।