जींद। ऑपरेशन हॉटस्पॉट डॉमिनेशन के तहत साइबर थाना की टीम ने वर्क फ्रॉम होम जॉब और टास्क बोनस के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाला आरोपी गुजरात के जिला सूरत निवासी भरत भाई लाठिया को गिरफ्तार किया है। आरोपी से 15 हजार रुपये भी बरामद किए हैं।
जींद निवासी दिनेश कुमार ने पिछले दिनों पुलिस एफआईआर में बताया था कि उनके पास व्हाट्सएप पर एक मैसेज आया। अज्ञात ने वर्क फ्रॉम होम पार्ट टाइम जॉब के लालच में टेलीग्राम लिंक ज्वाइन करवाया। अलग–अलग टास्क पूरा करने के नाम पर आरोपी ने पीड़ित से अलग अलग यूपीआई से कुल चार लाख रुपये मंगवाए। बाद में संदेशों का जवाब बंद हो गया जिस पर पीड़ित को धोखाधड़ी का पता चला।
साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसे अदालत में पेश किया ,जहां से उसे जिला जेल भेज दिया।