जींद। नरवाना रोड पर एक होटल को बंद करवाने की मांग को लेकर शहर वासियों का धरना शनिवार को 11वें दिन भी जारी रहा। कॉलोनी के लोगों ने कहा कि जब तक इस समस्या का पक्का समाधान जिला या पुलिस प्रशासन नहीं करती है तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी।
कॉलोनी निवासी अजमेर खटकड़, रणबीर रेढू, सुरेश, प्रेम भुक्कल, साधू राम प्रजापत, आकाश ढांडा ने आरोप लगाया कि इस होटल में अनैतिक गतिविधियां करवाई जा रही हैं। समाधान शिविर से लेकर एसपी तक को शिकायत दी, लेकिन अभी तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों ने बताया कि उनकी कॉलोनी में स्थित होटल में कमरा किराये पर लेकर स्कूल, काॅलेज, आईटीआई समेत दूसरे शिक्षण संस्थानों के लड़के-लड़कियां गलत काम करते हैं। सरेआम अश्लीलता के कारण कॉलोनी के लोगों को शर्मसार होना पड़ रहा है। इससे कहीं न कहीं अपराध को भी बढ़ावा मिल रहा है। काॅलोनी में बच्चों पर गलत असर पड़ रहा है। रिहायशी क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों से महिलाओं को परेशानी हो रही है। कॉलोनी के लोगों ने कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी, तब तक धरना खत्म नहीं होगा।