02जेएनडी19: शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विनीत गर्ग डॉ. प्रीति व छात्रा को सम्मानित करते
- फोटो : 1
जींद। हरियाणा सरकार की ओर से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक फरवरी को गुरुग्राम एससीईआरटी में राज्य स्तरीय राष्ट्रीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी का आयोजन हुआ।
प्रदर्शनी में जिला जींद के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ढिगाना के विज्ञान विभाग की डॉ. प्रीति के नेतृत्व में छात्रा टीम ने ग्रीन एनर्जी थीम पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य स्तर पर तृतीय स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में सफलता प्राप्त करने पर शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विनीत गर्ग ने जींद की डॉ. प्रीति को सम्मानित किया। साथ ही टीम में शामिल विद्यार्थियों के खातों में पुरस्कार राशि भी प्रदान की गई।
डॉ. प्रीति की टीम द्वारा तैयार किए गए मॉडल में यह दर्शाया गया कि किस प्रकार कूड़े-कचरे को कुछ रासायनिक अभिक्रियाओं के माध्यम से कम लागत में हाइड्रोजन में बदला जा सकता है। हाइड्रोजन का उपयोग बिजली उत्पादन और वाहनों को चलाने में किया जा सकता है। यह मॉडल खास तौर पर महानगरों में बढ़ती कूड़ा समस्या के समाधान की दिशा में एक प्रभावी और पर्यावरण-अनुकूल विकल्प प्रस्तुत करता है।
राज्य स्तरीय इस प्रदर्शनी में सात विभिन्न विषयों के अंतर्गत हरियाणा के 22 जिलों से कुल 154 मॉडल शामिल किए गए। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा और उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे।
उन्होंने छात्रों के नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और भविष्य की तकनीकों के प्रति रुचि विकसित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और अभिभावकों ने डॉ. प्रीति व उनकी टीम को इस सफलता के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।