रोहतक। विभिन्न मांगों को लेकर वीरवार को हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा डिपो कार्यकारिणी की बैठक हुई। डिपो परिसर स्थित यूनियन कार्यालय में आयोजित राज्यस्तरीय बैठक की अध्यक्षता डिपो प्रधान नरेश सिवाच ने की। संचालन डिपो सचिव जयकुंवार दहिया ने किया।
बैठक में राज्य प्रधान नरेंद्र विनोद, महासचिव सुमेर सिवाच व राज्य सचिव कृष्ण ऊण ने 24 मार्च ऑल इंडिया रोड ट्रांसपोर्ट वर्कर्स फेडरेशन के दिल्ली संसद कूच में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा रोडवेज से करीब 700 कर्मचारी दिल्ली संसद कूच में भाग लेकर अपने हक के लिए आवाज बुलंद करेंगे। आठ मार्च को हरियाणा रोडवेज साझा मोर्चा के आह्वान पर रोहतक में होने वाली सम्मेलन में रोडवेज वर्कर यूनियन के अनेक पदाधिकारी व कर्मचारी शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार इलेक्ट्रिक बसें चलाने का निर्णय रद्द करे व सरकारी बेड़े में बसें शामिल करे। उन्होंने कहा कि सरकार निजीकरण से रोडवेज विभाग को साहूकारों को सौंपना चाहती है। सरकार और परिवहन मंत्री से कर्मचारियों की अपील है कि रोडवेज बेड़े में प्राइवेट किलोमीटर स्कीम की बस न लाकर रोडवेज बेड़े में सरकारी बस शामिल करे। निजीकरण की नीतियों को बंद करे।
इस दौरान सतबीर मुंडाल, प्रदीप हुड्डा व राजीव ने भी अपनी बात रखी।