जींद। हरियाणा कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने प्रदेश के सभी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में सत्र 2026-27 के प्रवेश के लिए मेरिट सूची जारी करने का कार्यक्रम घोषित कर दिया है।
इसके तहत पहली मेरिट सूची 17 जुलाई को जारी की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को अपने मूल दस्तावेजों के साथ संबंधित आईटीआई में पहुंचकर सत्यापन कराना होगा तथा 22 जुलाई तक निर्धारित प्रवेश शुल्क जमा कराना अनिवार्य होगा।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान जींद में पहली मेरिट सूची में चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। यदि कोई अभ्यर्थी तय तिथि तक दस्तावेज सत्यापन या फीस जमा नहीं कराता है तो उसकी सीट रिक्त मान ली जाएगी और अगले चरण की मेरिट सूची में शामिल अभ्यर्थियों को प्रवेश का अवसर दिया जाएगा।
प्रथम चरण की प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद 23 जुलाई को रिक्त सीटों की सूची जारी की जाएगी। इसके बाद विभाग की ओर से 28 जुलाई को दूसरी मेरिट सूची प्रकाशित की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक पात्र अभ्यर्थियों को प्रवेश मिल सके।
इस वर्ष जींद आईटीआई में विभिन्न ट्रेडों के लिए कुल 7791 आवेदन प्राप्त हुए हैं। सबसे अधिक 1895 आवेदन इलेक्ट्रीशियन ट्रेड के लिए आए हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि युवाओं का रुझान रोजगारपरक तकनीकी शिक्षा की ओर लगातार बढ़ रहा है। इसके अलावा वायरमैन ट्रेड के लिए 849, कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट के लिए 788, फिटर ट्रेड के लिए 691, रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडीशनर (आरएसी) ट्रेड के लिए 400 तथा इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक ट्रेड के लिए 362 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
वर्जन
विभाग द्वारा जारी प्रवेश कार्यक्रम का विद्यार्थी ध्यानपूर्वक पालन करें। मेरिट सूची समय पर देखें और अपने सभी आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखें। प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए अभ्यर्थी कार्यालय समय में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान से संपर्क कर सकते हैं।
-नरेश पांचाल, प्राचार्य, आईटीआई जींद