फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jind News: डंपिंग पॉइंट की चहारदीवारी बनने से कूड़ा फैलने पर लगेगी रोक

विज्ञापन
08जेएनडी01: शहर के हांसी रोड पर लगे शहर से निकलने वाले कूड़े के ढेर जहां पर चाहरदीवारी का निर्म - फोटो : shiv tripathi
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

जींद। शहर की सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में नगर परिषद ने बड़ा कदम उठाया है। परिषद जींद ने पांच विकास कार्यों के लिए करीब 90.21 लाख रुपये के टेंडर जारी किए हैं।
इन कार्यों में सबसे बड़ा परियोजना हांसी रोड स्थित नगर परिषद की जमीन पर बने डंपिंग पॉइंट की चहारदीवारी को ऊंचा करना है। इसके अलावा शहर की गलियों के निर्माण, पार्कों के नवीनीकरण, ओपन जिम और बच्चों के लिए झूले लगाने के काम भी शामिल हैं।
विज्ञापन

यहां सफीदों, उचाना, जींद, जुलाना समेत आसपास की नगर पालिकाओं से निकलने वाले कूड़ा-करकट को डालने की योजना है। ऐसे में यहां बड़ी मात्रा में कचरा एकत्रित होना तय है। मौजूदा समय में तेज हवा और तूफान के दौरान हल्का कचरा उड़कर आसपास की कॉलोनियों और सड़कों तक पहुंच जाता है। इससे लोगों को गंदगी के साथ-साथ दुर्गंध की समस्या का भी सामना करना पड़ता है।
नगर परिषद अब इस समस्या पर लगाम लगाने के लिए 68 लाख 47 हजार 817 रुपये खर्च कर चारदीवारी को ऊंचा करेगी। इस काम को पूरा करने के लिए 180 दिन की समय सीमा निर्धारित की गई है। चारदीवारी ऊंची होने के बाद कूड़े को निर्धारित परिसर में सीमित रखने में मदद मिलने की उम्मीद है। शहरवासियों की ओर से लंबे समय से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की जा रही थी। अब परिषद के इस कदम से आसपास के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
वार्ड 27 में बच्चों के लिए खेल और बुजुर्गों के लिए कसरत की सुविधा
नगर परिषद ने वार्ड नंबर 27 में पशु अस्पताल के पीछे स्थित पार्क को भी विकास कार्यों में शामिल किया है। यहां 3.88 लाख रुपये की लागत से ओपन जिम और झूले लगाए जाएंगे। इससे बच्चों को खेलने के लिए बेहतर जगह मिलेगी, वहीं स्थानीय लोगों को व्यायाम की सुविधा भी उपलब्ध होगी। यह काम 120 दिन में पूरा किया जाना है।

प्रेम नगर की गलियों को मिलेगी नई राह
वार्ड नंबर 9 के प्रेम नगर में भी दो गलियों के निर्माण को मंजूरी दी गई है। मंगहा सिंह के मकान से प्रकाश ढींगरा के मकान व संतलाल के मकान से मंगा चक्की वाले तक गली निर्माण पर 4.06 लाख रुपये खर्च होंगे। इसी वार्ड की दयाल बाग कॉलोनी में सतीश कथूरिया के मकान से पालाराम, सोम नाथ के मकान होते हुए हुक्का शॉप के सामने तक गली का निर्माण किया जाएगा। इस पर 7.86 लाख रुपये खर्च होंगे। दोनों कार्यों को 90 दिन में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इन गलियों के निर्माण से रोजाना आवाजाही करने वाले स्थानीय परिवारों को बेहतर रास्ता मिलने की उम्मीद है।

अर्बन एस्टेट के पार्क को भी मिलेगा नया रूप
पुराने साइबर थाने के पीछे अर्बन एस्टेट में स्थित पार्क के नवीनीकरण, ओपन जिम और झूले लगाने पर 5.93 लाख रुपये खर्च होंगे। यहां काम पूरा करने के लिए 120 दिन की समय सीमा तय की गई है।
विज्ञापन


वर्जन
शहर के विकास के लिए नगर परिषद ने लगभग 90.21 लाख रुपये के पांच टेंडर लगाए हैं। इन कार्यों से लोगों को बेहतर गलियों के साथ पार्कों में झूले और अन्य सुविधाएं मिलेंगी। हांसी रोड स्थित डंपिंग पॉइंट की दीवारें ऊंची होने से बरसात और तूफान के दौरान शहर से निकलने वाले कूड़े को निर्धारित परिसर में रोकने में मदद मिलेगी।
-डॉ. अनुराधा सैनी, चेयरपर्सन नगर परिषद जींद।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें