जींद। अखिल भारतीय जन-विज्ञान नेटवर्क के आह्वान पर देशभर में चलाए जा रहे भविष्य का भारत अभियान को हरियाणा ज्ञान-विज्ञान समिति की जिला कमेटी व्यापक स्तर पर चलाएगी।
अभियान के तहत जिले के गांवों और शहरों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि, पर्यावरण और सामाजिक न्याय सहित जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर लोगों से संवाद किया जाएगा। समिति ने करीब दस हजार लोगों से जनसंवाद करने का लक्ष्य तय किया है।
अक्षर भवन में हुई जिला कार्यकारिणी की बैठक में अभियान की रूपरेखा तय की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सोहनदास ने की। जिला सचिव प्रमोद ने बताया कि अभियान के तहत तीन शहरों, 20 गांवों, 20 कॉलोनियों और 40 शिक्षण संस्थानों को चिह्नित किया गया है।
यहां आयोजित कार्यक्रमों में स्थानीय समस्याओं पर लोगों के अनुभव और सुझाव लिए जाएंगे। साथ ही रोहतक में बनाए जा रहे ज्ञान-विज्ञान आंदोलन के राज्य मुख्यालय के लिए आर्थिक सहयोग भी जुटाया जाएगा।
जनसंवाद के दौरान शिक्षा और स्वास्थ्य की स्थिति, रोजगार के अवसर, कृषि संबंधी समस्याएं, पर्यावरणीय चुनौतियां, सामाजिक भेदभाव और सामाजिक न्याय जैसे विषयों पर चर्चा होगी। बेहतर गांव, बेहतर शहर, बेहतर जिला और बेहतर हरियाणा के निर्माण के लिए लोगों से सुझाव लिए जाएंगे। प्रत्येक जनसंवाद की लिखित रिपोर्ट तैयार कर विभिन्न क्षेत्रों से सामने आए मुद्दों और सुझावों का समग्र आकलन किया जाएगा।
कार्यक्रमों में प्रगतिशील रागनियों, गीतों और कविताओं को भी शामिल किया जाएगा। बैठक में प्रदीप शर्मा, माया देवी, अनिल कुमार, रामफल दहिया, गुलाब सिंह, रमेश बनवाला, मा. विजेंद्र, धर्मवीर, चमनलाल, मा. राजेंद्र, आजाद पांचाल, जयप्रकाश लुदाना, मनीष, विक्रम अली और सतनारायण मौजूद रहे।