संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। पटियाला चौक के निकट पटेल नगर में करीब 20 दिन पहले निर्माण के लिए गली को पूरी तरह उखाड़ दिया गया था लेकिन इसके बाद आजतक गली का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। गली में जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। आवागमन लगभग बंद हो गया है।
स्थिति यह है कि लोगों को अपने घरों से निकलने में परेशानी हो रही है। वहीं, दोपहिया वाहन तक ले जाना मुश्किल हो गया है।
कॉलोनी मनोज, सतीश, ओमी मक्कड़, प्रकाशी देवी, मूर्ति देवी, संतोष, सुभाष मक्कड़, आदित्य, पवन कुमार और अजय मलिक ने बताया कि ठेकेदार ने गली उखाड़ते समय जल्द निर्माण कराने का आश्वासन दिया था लेकिन अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
गली में कभी-कभी सीवरेज का पानी भी भर जाता है। गली खराब होने के चलते कॉलोनी के लोगों को सड़क तक लंबा चक्कर लगाकर अन्य रास्तों से जाना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे मजबूर होकर ठोस कदम उठाएंगे।
वार्ड पार्षद गीता ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और जल्द ही गली निर्माण शुरू करवाया जाएगा। लोगों को को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
-गीता, पार्षद