संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। उप पुलिस अधीक्षक सफीदों गौरव शर्मा के नेतृत्व में गुरुद्वारा आफताबगढ़ में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम हुआ। उप पुलिस अधीक्षक सफीदों गौरव शर्मा ने छात्राओं और ग्रामीणों को नशा के खिलाफ जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के शरीर, परिवार और समाज तीनों का सबसे बड़ा शत्रु है।
उप पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशा न केवल स्वास्थ्य को बर्बाद करता है बल्कि युवाओं का भविष्य भी अंधकारमय कर देता है। नशा शरीर ही नहीं, बल्कि जीवन और समाज के लिए भी जहर है। इसलिए नशामुक्त और स्वस्थ रहना ही देश की सुरक्षा व प्रगति की गारंटी देता है।
उन्होंने नशा त्याग कर समाज में पुनः नई शुरुआत करने वाले ग्रामीणों को सम्मानित किया। कहा कि नशा शरीर को अंदर से खोखला कर देता है। परिवार तोड़ देता है और भविष्य को अंधकार में धकेल देता है। इससे बचकर ही व्यक्ति स्वस्थ, सुरक्षित और प्रगतिशील जीवन जी सकता है।
थाना सदर सफीदों के प्रभारी राजेश कुमार ने ग्रामीणों को साइबर अपराध के खतरों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि आजकल अपराधी फोन कॉल, सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से व्यक्तिगत जानकारी जैसे ओटीपी, पासवर्ड हासिल करने की कोशिश करते हैं। ऐसे में सभी को सतर्क रहना चाहिए और किसी भी अनजान व्यक्ति से अपनी निजी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता टीम इंचार्ज नरेश कुमार ने की।