संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से शहर स्थित पीएचईडी कॉलोनी के चार सरकारी क्वार्टरों की मरम्मत करवाई जाएगी। इसके लिए विभाग ने 9.10 लाख रुपये की अनुमानित लागत का टेंडर जारी किया है। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद इन आवासों की स्थिति में सुधार होगा और यहां रहने वाले कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। जर्जर आवासों में रहने के दौरान कर्मचारियों को होने वाली परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है।
विभाग की ओर से जारी टेंडर के अनुसार इच्छुक ठेकेदार 30 अक्तूबर को शाम पांच बजे तक ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकेंगे। कार्य पूरा करने के लिए 30 दिन की समय सीमा निर्धारित की गई है। यह टेंडर पीएचईडी जींद नंबर-1 की ओर से जारी किया गया है।
हरियाणा सरकार के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के इंजीनियर-इन-चीफ, पंचकूला के अंतर्गत जींद सर्कल के माध्यम से यह प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सरकारी कॉलोनियों में बने आवासों का समय पर रखरखाव जरूरी होता है।
लंबे समय तक मरम्मत नहीं होने से भवनों की स्थिति खराब होने लगती है, जिससे कर्मचारियों और उनके परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। चार क्वार्टरों की मरम्मत होने से आवासों को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
इससे कर्मचारियों को परिवार के साथ रहने के लिए सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाया जाएगा।