नरवाना। चंडीगढ़–हिसार नेशनल हाइवे पर बुधवार दोपहर बाद तेज रफ्तार के कारण सड़क हादसा होते-होते टल गया। ढाकल गांव के पास बने पुल से कुछ दूर पहले एक तेज गति से आ रही कार ने आगे चल रही दूसरी कार को साइड से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार अनियंत्रित होकर दूसरी ओर रॉन्ग साइड में चली गई और फुटपाथ को क्रॉस करते हुए तीन से चार पलटी खाने के बाद झाड़ियों में जा गिरी। हादसे में कार चालक घायल हो गया, जबकि गनीमत यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
बुधवार दोपहर बाद कैथल की ओर से नरवाना की तरफ दो कारें आ रही थीं। कलायत निवासी नरेश कुमार अपनी कार से हिसार बच्चों को लेने जा रहा था, जबकि पाई निवासी रिंकू नरवाना की ओर किसी निजी कार्य से आ रहा था। नरेश सामान्य गति से वाहन चला रहा था। पीछे से रिंकू ने नरेश की कार को टक्कर मार दी। संवाद