सफीदों। हांसी-बुटाना ब्रांच नहर में मंगलवार सुबह 35 वर्षीय युवक का शव उतराता मिला। शव को देखकर राहगीरों ने इसकी सूचना शहर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नगर पालिका कर्मचारियों की सहायता से शव को नहर से बाहर निकलवाया।
पुलिस ने शव की पहचान के लिए उसे सफीदों के नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। मृतक के शरीर पर केवल अंडरवियर मिला है। उसके हाथों पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न पहलुओं से जांच में जुटी है।
थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि मंगलवार सुबह हांसी-बुटाना ब्रांच नहर में युवक का शव उतराता मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो पाई है। युवक की पहचान कराने के लिए आसपास के सभी थानों को सूचना भेजी गई है। पुलिस अपने स्तर पर भी युवक की पहचान के प्रयास कर रही है।