जींद। श्री माता वैष्णो देवी से चलकर दादर जाने वाली स्पेशल ट्रेन सोमवार शाम 5:10 बजे जींद जंक्शन पहुंची। पहले दिन ट्रेन में दस यात्रियों ने सफर किया। यात्रियों का कहना है कि यदि इस ट्रेन को नियमित रूप से संचालित किया जाए तो क्षेत्र के लोगों को काफी सुविधा मिलेगी और यात्रियों की संख्या में भी बढ़ोतरी हो सकती है।
ट्रेन नंबर 04693 दादर से चलकर कटरा के लिए नौ और 16 जून को चलेगी। ट्रेन नंबर 04694 श्री माता वैष्णो देवी कटरा धाम से सुबह 6 बजकर 40 मिनट पर चलकर जम्मूतवी, पठानकोट कैंट, जालंधर कैंट, लुधियाना, धुरी, जाखल होते हुए शाम 5 बजकर 8 मिनट पर जींद पहुंचेगी।
यहां दो मिनट ठहराव के बाद रोहतक, झज्जर, रेवाड़ी, नारनौल, नीम का थाना, रींगस, फुलेरा, किशनगढ़, अजमेर, भिलवाड़ा, चितौड़गढ़, रतलाम, सूरत होते हुए रात 10 बजकर 40 मिनट पर दादर पहुंचेगी। वहीं ट्रेन नंबर 04693 रात 12 बजकर 15 मिनट पर दादर से चलकर इसी रास्ते से वापसी में अगले दिन रात 12 बजकर 38 मिनट पर जींद पहुंचेगी। यहां दो मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन जाखल, धुरी, जालंधर, पठानकोट, जम्मूतवी होते हुए लगभग एक बजे कटरा पहुंचेगी।
ट्रेन चलने से यात्रियों को फायदा होगा। गर्मी की छुट्टियों के चलते इस समय लंबे रूट की ट्रेनों में वेटिंग चल रही है। ऐसे में यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने समर स्पेशल के तौर पर यह ट्रेन चलाई है।