कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन ने अस्थायी कोविड अस्पताल, केयर सेंटर व स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए हैं। यहां चिकित्सा सुविधाओं का और विस्तार करने के लिए वेंटिलेटर की संख्या को बढ़ाया जाएगा। अस्थायी अस्पतालों व हेल्थ सेंटरों में तमाम प्रकार की चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के दृष्टिगत संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दे दिए गए हैं। वहीं बिना मास्क बाहर निकलने वालों पर बुधवार को प्रशासन का डंडा चला और ऐसे 621 लोगों के चालान काटे गए।
डीसी डॉ. आदित्य दहिया ने इन स्वास्थ्य केंद्रों की देख-रेख के लिए एक-एक नोडल अधिकारी भी नियुक्त कर दिया गया है। जिले में स्थापित अस्थायी कोविड अस्पतालों, केयर सेंटरों व हेल्थ सेंटरों में पर्याप्त बेडों की व्यवस्था करवाई जा चुकी है। उन्होंने बताया कि सरकारी व निजी अस्पतालों में इन बेड की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों में कोरोना वायरस के लक्षण दिखाई नहीं देते हैं और जो लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जा रहे हैं उनके इलाज के लिए अलग-अलग व्यवस्था करवाई गई है। कोरोना की रोकथाम को लेकर लगातार सैंपलिंग का कार्य भी चल रहा है। सैंपल लेने के लिए जिला में पांच सैंपलिंग सेंटर बनाए गए हैं।
यहां बनाए गए हैं सेंटर
सेंटर जींद के नागरिक अस्पताल, सफीदों, नरवाना तथा उचाना व जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्थापित करवाए गए हैं। यहां व्यवस्थाओं को पूर्ण करने के लिए एक-एक नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया गया है।