ऑक्सीजन सिलिंडरों की कालाबाजारी रोकने के लिए बनाई गई टीम के प्रभारी रोडवेज महाप्रबंधक विजेंद्र हुड्डा की टीम ने बुधवार को सफीदों में गैस वेल्डिंग व हैचरियों को खंगाला। इस दौरान यहां से 35 ऑक्सीजन सिलिंडर मिले। इन सभी को जब्त करके नागरिक अस्पताल भिजवा दिया गया। विजेंद्र हुड्डा के साथ टीम में आईएएस ट्रेनी दीपक कुमार, शहर थाना प्रभारी अब्बास खान भी शामिल रहे।
टीम ने सफीदों शहर की सभी वेल्डिंग की दुकानों पर दबिश दी। यहां पाए गए सिलिंडरों की जांच की। इसके अलावा हैचरियों की भी जांच की गई। जांच के दौरान दुकानदारों व हैचरी संचालकों के पास से 35 ऑक्सीजन सिलिंडर ऐसे मिले, जिनका यह लोग बिल नहीं दिखा सके। टीम ने सभी 35 सिलिंडरों को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल जींद पहुंचा दिया। यहां इन सिलिंडरों को भरवाकर प्रयोग किया गया। विजेंद्र हुड्डा ने कहा कि जिन लोगों के पास बिना बिल के सिलिंडर मिलेंगे, उनको जब्त कर लिया जाएगा।