जींद। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षकों ने सार्वजनिक शिक्षा बचाने के लिए प्रदर्शन कर खंड शिक्षा अधिकारी पिल्लुखेड़ा को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के राज्य प्रधान सरदार जगजीत सिंह ने कहा कि अध्यापक सरकार बनाना जानते है तो उसे उखाड़ फेंकने की हिम्मत भी रखते हैं। चुनाव के समय सबका साथ सबका विकास का वादा किया गया और कुर्सी पर बैठने के बाद भाजपा सरकार खुद का विकास कर रही है। अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के काउंसलर राजेश खर्ब ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, परिवहन, बिजली, पानी आदि मूलभूत सुविधाएं प्रदान करना केंद्र एवं राज्य सरकारों की जिम्मेदारी है, लेकिन वर्तमान केंद्र एवं राज्य सरकार अपने चुनावी वायदों व दायित्वों से भागते हुए एक-एक करके सार्वजनिक सेवाओं को निजी क्षेत्र के हवाले करती जा रही है। इसकी राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ घोर निंदा करता है। इस अवसर पर खंड प्रधान राजेश रेढू की अध्यक्षता में ज्ञापन सौंपा गया। जिला प्रधान रुपेंद्र गोयत, अभिमन्यु रेढू, रामफ ल नागर, प्रवीन यादव, अनिल घिमाणा, सज्जन राठी, विवेक शर्मा, राजकुमार शर्मा, रमेश, पूनम राठी मौजूद रहे।