06जेएनडी10: स्वंयसेवक शिविर के दौरान पेंटिग दिखाते हुए। स्रोत संस्थान
जींद। राजकीय महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की तरफ से आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के पांचवें दिन योग सत्र के दौरान स्वयंसेवकों को एकाग्रता और आत्म नियंत्रण के लिए ध्यान की विधि सिखाई गई।
योग सत्र में डिप्टी सीएमओ डॉ. विजेंद्र ढांडा और डॉ. संजीत मौजूद रहे। डॉ. विजेंद्र ने विद्यार्थियों को सिविल सेवाओं की तैयारी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने सिलेबस, अध्ययन रणनीति, समय प्रबंधन एवं निरंतर अभ्यास के महत्व पर प्रकाश डाला।
हरियाणा लेदर कंपनी लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर नरेश कुमार ने व्यवसाय प्रारंभ करने की प्रक्रिया, स्वरोजगार के अवसर तथा उद्यमिता से जुड़े लाभों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को आत्मनिर्भर बनने एवं नवाचार को अपनाने के लिए प्रेरित किया। दूसरे सत्र में एनएसएस समन्वयक डॉ. नवीन लाड़वाल ने स्वयंसेवकों को एनएसएस की गतिविधियों एवं उद्देश्यों के बारे में जानकारी दी।
इसके पश्चात भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसका विषय बेरोजगारी एवं स्वरोजगार रखा गया। प्रतियोगिता में स्वयंसेवकों ने सामाजिक एवं आर्थिक विषयों पर विचार प्रस्तुत किए। शिविर के माध्यम से स्वयंसेवकों में स्वास्थ्य, करियर, उद्यमिता एवं सामाजिक चेतना को और अधिक सुदृढ़ किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी भगवान दास और रितु मौजूद रहीं।