06जेएनडी23: राजकीय आईटीआई में साक्षात्कार के लिए लाइन में लगे युवा। संवाद
जींद। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में शुक्रवार को जेसीबी इंडिया लिमिटेड बल्लभगढ़ (हरियाणा) के सहयोग से रोजगार मेला (कैंपस प्लेसमेंट) लगाया गया। इसकी अध्यक्षता संस्थान के प्रधानाचार्य नरेश कुमार ने की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा उद्योगों से उनका सीधा जुड़ाव सुनिश्चित करना रहा। रोजगार मेले में देश की प्रतिष्ठित निर्माण मशीनरी कंपनी जेसीबी इंडिया लिमिटेड की भर्ती टीम ने भाग लिया।
कंपनी द्वारा विभिन्न ट्रेडों के प्रशिक्षुओं के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की गई जिसमें लिखित परीक्षा एवं मौखिक साक्षात्कार के माध्यम से अभ्यर्थियों की तकनीकी दक्षता, व्यवहारिक ज्ञान, अनुशासन, कार्यकुशलता और टीमवर्क की क्षमता का आकलन किया गया। विभिन्न ट्रेडों के कुल 343 प्रशिक्षुओं ने पंजीकरण कराया।
चयन प्रक्रिया पूरी होने के उपरांत 170 प्रशिक्षुओं को चयनित किया गया। चयनित छात्रों में भविष्य को लेकर उत्साह और आत्मविश्वास देखा गया। कंपनी प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि चयनित उम्मीदवारों को प्रशिक्षण एवं कार्य प्रदर्शन के आधार पर आगे चलकर वेतन वृद्धि और पदोन्नति के अवसर भी प्रदान किए जाएंगे।
प्राचार्य नरेश कुमार ने इस अवसर पर कहा कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं के लिए लाभकारी सिद्ध होते हैं। इससे न केवल छात्रों को रोजगार मिलता है बल्कि उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप उनके कौशल का भी विकास होता है। उन्होंने चयनित सभी प्रशिक्षुओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आश्वासन दिया कि संस्थान भविष्य में भी अधिक से अधिक कंपनियों को आमंत्रित कर इसी प्रकार के कैंपस प्लेसमेंट आयोजित करता रहेगा। इस अवसर पर प्लेसमेंट शाखा से सोनू राम (वर्ग अनुदेशक), ललित खटकड़ शिक्षुता शाखा, जितेंद्र पूनिया, मनदीप राज और स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। रोजगार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।