जींद। गांव में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, बस जरूरत उन्हें सही दिशा और अभ्यास का अवसर देने की। जामनी गांव में शुरू हुई एथलेटिक्स खेल नर्सरी इसका उदाहरण बन रही है। कभी गांव के खिलाड़ियों के पास नियमित अभ्यास के लिए खास रुझान नहीं था लेकिन अब इसी गांव में धावकों को तराशा जा रहा है।
मार्च में शुरू हुई खेल नर्सरी से अब दो खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए चयन हुआ है। इससे गांव के दूसरे खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल रही है। कोच अंकित सिंगरोहा की मेहनत और खिलाड़ियों के नियमित अभ्यास का परिणाम है कि अंडर-18 वर्ग में पीयूष का चयन खेलो इंडिया के लिए हुआ है।
वह चार गुणा 400 मीटर रिले दौड़ में हिस्सा लेंगे। वहीं जयदीप ने 600 मीटर दौड़ में राष्ट्रीय स्तर पर ब्रॉन्ज मेडल हासिल कर गांव का नाम रोशन किया है। कम समय में नर्सरी के खिलाड़ियों की यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को निखारने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
गांव में पहले खिलाड़ी अभ्यास तो करते थे लेकिन उनकी प्रतिभा को पहचान नहीं मिलती थी। अब खेल नर्सरी के माध्यम से उन्हें नियमित प्रशिक्षण और आगे बढ़ने का मंच मिल रहा है। राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर मिल रही सफलताओं से गांव में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ा है।
बॉक्स
सुबह-शाम चार घंटे पसीना बहाते हैं 80 खिलाड़ी
खेल नर्सरी में गांव के करीब 80 खिलाड़ी नियमित अभ्यास के लिए पहुंचते हैं। सुबह और शाम दो-दो घंटे खिलाड़ियों को दौड़ और एथलेटिक्स की विभिन्न विधाओं का अभ्यास कराया जाता है। कोच अंकित सिंगरोहा खिलाड़ियों की क्षमता के अनुसार उनकी तैयारी करवाते हैं। नर्सरी के करीब 10 अन्य खिलाड़ी भी राज्य स्तर पर पदक जीत चुके हैं। इनमें तानिया, प्रतीक, मयंक, बिंदु, पिंकी, लक्ष्य, आयुष्मान और शिवम सहित अन्य खिलाड़ी शामिल हैं।
फोटो कैप्शन
15जेएनडी 25: जामनी गांव की खेल नर्सरी में मौजूद खिलाड़ी। संवाद