06जेएनडी28: कीटनाशकों के छिड़काव पर आयोजित प्रशिक्षण शिविर में मुख्यातिथि डॉ. पालेराम को सम्
जींद। हरियाणा कृषि प्रबंधन एवं विस्तार प्रशिक्षण संस्थान द्वारा आयोजित पांच दिवसीय छिड़काव तकनीक एवं कीटनाशकों से बचाव प्रशिक्षण कार्यक्रम के चौथे दिन डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. पाले राम कटारिया ने महिला किसानों को कीटनाशकों के सुरक्षित उपयोग और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी दी।
डॉ. कटारिया ने कहा कि खेतों में कीटनाशकों का छिड़काव करते समय सुरक्षा मानकों का पालन करना बेहद जरूरी है। किसान हमेशा सेफ्टी किट पहनकर ही छिड़काव करें। हाथों में दस्ताने, चेहरे पर मास्क, आंखों की सुरक्षा के लिए चश्मा तथा पैरों में जूते अवश्य पहनें।
उन्होंने कहा कि छिड़काव के दौरान भोजन या तंबाकू आदि का सेवन नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे शरीर में विषैले रसायनों के प्रवेश का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने बताया कि यदि किसी किसान पर कीटनाशक का प्रभाव पड़ जाए तो घबराने की बजाए तुरंत प्राथमिक उपचार करें।
प्रभावित व्यक्ति के दूषित कपड़े और जूते उतारकर उसे खुली हवा में रखें तथा बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या चिकित्सक के पास पहुंचाएं। डॉक्टर के पास जाते समय संबंधित कीटनाशक की खाली बोतल या पैकिंग साथ लेकर जाएं, ताकि उसमें अंकित प्रतिरोधक उपचार और अन्य जानकारी के आधार पर सही इलाज किया जा सके।
डॉ. वजीर सिंह चौहान ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम किसानों को सुरक्षित खेती अपनाने और रासायनिक दवाओं के दुष्प्रभाव से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला किसानों ने भाग लेकर विशेषज्ञों से जानकारी प्राप्त की।