नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाती करती पुलिस।
- फोटो : bureau
प्रेमिका का किसी और से रिश्ता तय करने से आहत सुभाष नगर के एक युवक ने प्रेमिका के घर जाकर जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मृतक के पास से एक सुसाइड नोट बरामद किया है। इसमें मृतक ने अपनी प्रेमिका के माता-पिता और मौसा पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मृतक के चाचा की शिकायत पर युवती के माता-पिता सहित तीन लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार सुभाष नगर निवासी 30 वर्षीय दीपक गली निर्माण के ठेके लेता था। लगभग ढाई साल पहले उसे पड़ोस में रहने वाली एक युवती से प्यार हो गया। दीपक युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन दोनों की जातियां अलग-अलग होने के चलते युवती के परिजनों ने शादी करने से मना कर दिया। पिछले दिनों युवती का किसी दूसरी जगह पर रिश्ता तय हो जाने की भनक लगने पर दीपक युवती के घर पहुंच गया। उसने युवती के साथ शादी का प्रस्ताव रखा लेकिन बात न बनती देख जहरीला पदार्थ निगल कर घर लौट आया। घर आते ही वह बेसुध हो गया। परिवार वालों ने उसे शहर के एक निजी अस्पताल में ले गए। वहां दो दिन तक उपचार के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका। इस बीच शहर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच युवक के जेब से एक सुसाइड नोट बरामद किया। इसमें दीपक ने युवती के माता-पिता और मौसा पर शादी नहीं होने देने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतक के चाचा जयबीर की शिकायत पर तीनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है।
प्रेमिका के लिए नहीं की दूसरी जगह शादी
मृतक के मामा सुभाष ने बताया कि उसके भांजे दीपक और पड़ोसी की युवती के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के परिवार वालों को इसकी जानकारी थी। लगभग दो साल पहले दीपक का रिश्ता किसी दूसरी जगह पर किया जा रहा था लेकिन प्रेमिका के कहने पर उसने दूसरी जगह शादी नहीं की। इसके बाद दीपक के परिवार के लोग रिश्ता करने के लिए युवती के परिजनों से मिले, लेकिन युवती के परिजनों ने उस समय लड़की की आयु कम होने की बात कहकर रिश्ता बाद में करने की बात कही। अब युवती के परिजनों ने उसका रिश्ता दूसरी जगह पर तय कर दिया।
घर का इकलौता चिराग था दीपक
परिजनों ने बताया कि दीपक जेई का डिप्लोमा करके ठेकेदारी का काम करता था। दीपक अपने परिवार का इकलौता चिराग था। उसकी मौत के बाद पिता सतबीर सदमे में है। जांच अधिकारी दिलबाग सिंह ने बताया कि युवक ने प्रेम-प्रसंग के चलते जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या की है। मृतक के पास से सुसाइड नोट बरामद हुआ है। उसके आधार पर तीन लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है।