जींद। ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान-2 (ग्रैप) की पाबंदियां लागू होने के बाद भी नियमोें को अनदेखी की जा रही है।। इसके चलते शहर में प्रदूषण बहुत अधिक बढ़ गया है। शुक्रवार को जिले में एक्यूआई 310 दर्ज किया गया। शुक्रवार को हवा की गति अधिक होने की वजह से टूटी और निर्माणाधीन सड़कों पर धूल उड़ रही तो कई स्थानों पर कूड़ा जलता हुआ मिला।
इस दौरान निर्माण कार्यों की सामग्री खुले में हवा के साथ जहर घोल रही है। एक ओर जहां पराली के धुएं के कण शहर की हवा में जहर घोल रहे हैं, वहीं लोग ग्रैप के नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। शुक्रवार को रेलवे जंक्शन और अर्बन एस्टेट के ढाबा पार्क के पास कूड़े में आग लगाई हुई मिली। इसका धुआं हवा में घुल रहा था। कई बार कूड़ा उठाने के जिम्मेदार कर्मी ही इसमें आग लगा देते हैं। इससे आस-पास रहने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा शहर की टूटी सड़कों से उड़ती मिट्टी और धूल भी हवा में जहर घोल रही है।
जेडी-7 की निर्माणाधीन सड़क के अलावा अन्य टूटी सड़क पर वाहनों के आने-जाने से धूल और मिट्टी का गुबार शहरवासियों को ही नहीं वाहन चालकों के फेफड़ों को खराब कर रहा है। ग्रैप-2 के नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीमें क्षेत्र में उतरी हुई हैं। अक्तूबर से नवंबर के बीच मौसम में हल्की नमी रहती है। इस दौरान तेज हवा न चलने से पर्यावरण में धूल और धुएं के कण कम ऊंचाई पर ही ठहर जाते हैं। धूल और धुएं के कण आसमान में एक गैस चेंबर बना लेते हैं। इससे लोगों को सांस लेने में तकलीफ होती है। अधिक समय तक इसके रहने से लोग फेफड़ों की गंभीर बीमारियों का शिकार हो जाते हैं।
रेलवे रोड पर निर्माणाधीन पगडंडी के कारण उड़ रही धूल
शहर के रेलवे रोड पर पिछले कई दिनों से पगडंडी का निर्माण चल रहा है। इसका काम अंतिम चरण में है,। पगडंडी को सुंदर बनाने के लिए इसके दोनों तरफ पत्थर लगाए जा रहे हैं, लेकिन उनको तलाशते और काटते समय वहां पर खूब धूल उड़ती है। इसके अलावा निर्माण सामग्री के पास से गुजरते वाहन भी धूल का गुबार छोड़ जाते हैं। इससे वहां से गुजरते समय अन्य वाहन चालकों को परेशानी होती है। जेडी-7 पर पर बन रही सड़क पर मिट्टी डाली हुई है, जोकि वाहनों के आवागमन से सारा दिन उड़ती रहती है। इससे पर्यावरण प्रदूषित होने के साथ लोगों को परेशानी हो रही है।
दोहपर बाद 283 पहुंचा एक्यूआई
शुक्रवार दोपहर के बाद एक्यूआई 283 पर पहुंच गया। पूरा दिन हल्की-हल्की हवा चलती रही, मगर एक्यूआई के स्तर में कोई कमी नहीं आई। शहर के भिवानी रोड, रोहतक रोड, नरवाना और सेक्टर-7 में एक्यूआई 300 दर्ज किया गया था। रेलवे जंक्शन पर अक्सर कर्मचारी कूड़ा एकत्रित कर आग लगा देते हैं। रेलवे कर्मचारियों ने वॉशिंग लाइन के पास तो कूड़ा जलाने का स्थान निर्धारित किया हुआ है। वहां पर रोजाना कूड़े और डिस्पोजल को एकत्रित कर आग लगा दी जाती है। कूड़े को जलाने पर निकलने वाला धुआं फेफड़ों के लिए घातक होता है। लंबे समय तक इस स्तर पर प्रदूषण रहने से लोगों को सांस की बीमारी हो जाती है।
जिले में तीन टीमें कूड़ा जलाने, निर्माण सामग्री सड़क पर रखने और अन्य नियमों के खिलाफ कार्य करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेंगी। ग्रैप-2 लागू होने के बाद से टीमों को क्षेत्र में उतारा गया है। नियम को तोड़ने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। -अनिल, एसडीओ, हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड।
25जेएनडी01-अर्बन एस्टेट स्थित ढाबा पार्क में आग लगाने के बाद निकल रहा धुआं। संवाद
25जेएनडी01-अर्बन एस्टेट स्थित ढाबा पार्क में आग लगाने के बाद निकल रहा धुआं। संवाद