सेफ हाउस में एक युवक ने 18 सितंबर दोपहर बाद चाकू से बाजू की नस काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की। सूचना मिलते ही पुलिस कर्मचारियों ने युवक को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां युवक का प्राथमिक उपचार कर वापस सेफ हाउस भेज दिया, लेकिन दोबारा फिर उसके पेट में दिक्कत हुई तो वापस उसे नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया, जबकि लड़की को वन स्टॉप सेंटर में भेज दिया है। पुलिस ने युवक के खिलाफ आत्महत्या करने की कोशिश करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेफ हाउस में तैनात एएसआई शमशेर सिंह ने बताया कि 15 सितंबर को अराधना साहनी सेशन जज के आदेश पर दबलैन गांव का विजय और भैंसवाल गांव की युवती तन्नू को 27 सितंबर तक सेफ हाउस में रखा गया था। 18 सितंबर दोपहर सदर थाना गोहाना पुलिस पहुंची। जहां लड़की के परिजनों ने तन्नू के गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। वह, लड़की तन्नू से बातचीत कर ही रहे थे कि अंदर रसोई से कुछ आवाज आई। उन्होंने अंदर जाकर देखा तो लड़का विजय सब्जी काटने वाले चाकू से हाथ की नसें काट रहा था। उसे तुरंत उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया। चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार कर उसको छुट्टी दे दी और फि र उसे वापस सेफ हाउस ले जाया गया।
सिविल लाइन थाना प्रभारी हरिओम ने बताया कि सेफ हाउस में एक युवक द्वारा नस काटकर आत्महत्या करने की कोशिश करने की सूचना मिली थी। पुलिस ने घायल युवक के बयान लिए हैं। युवक ने बताया कि परिजनों के दबाव में उसकी पत्नी तन्नू ने उसके खिलाफ बयान दिए हैं। इसी को देखते हुए उसने यह कदम उठाया है।