18जेएनडी09: किसान छात्र एकता संगठन सदस्य चीफ वार्डन को ज्ञापन सौंपते हुए। स्रोत संगठन
जींद। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के बॉयज हॉस्टल में मेस की बदहाल व्यवस्था और निम्न गुणवत्ता के भोजन को लेकर छात्रों में गुस्सा बढ़ रहा है। किसान छात्र एकता संगठन ने बुधवार को चीफ वार्डन से मुलाकात कर मेस में व्याप्त अव्यवस्था और लापरवाही पर विरोध दर्ज कराया।
प्रधान गोविंद सैनी ने आरोप लगाया कि मेस में निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं बनाया जा रहा है भोजन की गुणवत्ता निम्न स्तर की है। कई बार तो समय पर खाना उपलब्ध नहीं कराया जाता जिससे छात्रों की पढ़ाई और स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ता है। उन्होंने कहा कि छात्रों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
भोजन की गुणवत्ता में सुधार के लिए सीआरएसयू प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। इसके बाद छात्र असहयोग आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होंगे। इसकी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी। छात्रों ने मांग की है कि मेस व्यवस्था की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।
ठेकेदार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए, स्वच्छ, पौष्टिक और समयबद्ध भोजन सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर छात्र नेता प्रयास, मोहित, विक्रम, रणविजय, प्रिंस , अंशुल रहे।